उधम सिंह नगर: सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर/उधम सिंह नगर,अमृत विचार। प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। तीनों युवक देर रात एक विवाह समारोह से वापस लौट रहे थे। ग्राम चकरपुर निवासी अशोक प्रजापति (25) पुत्र …

बाजपुर/उधम सिंह नगर,अमृत विचार। प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। तीनों युवक देर रात एक विवाह समारोह से वापस लौट रहे थे।

ग्राम चकरपुर निवासी अशोक प्रजापति (25) पुत्र सोहन लाल, सागर रावत (19) पुत्र आनंद सिंह ग्राम चकरपुर में ही किराए पर रह रहे अपने साथी ग्राम हसनपुर पटवाई रामपुर (उप्र) निवासी जसवंत सिंह (26) पुत्र रामअवतार के साथ उसकी रिश्तेदारी में ग्राम बथुवाखेड़ा रामपुर (उप्र) में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने मंगलवार दोपहर घर से गए थे।

बताया जाता है कि देर रात करीब साढ़े 10 बजे वापस घर लौटते समय कोहरा होने से उनकी बाइक स्वार-रामपुर मुख्यमार्ग पर बिलासपुर मोड़ के पास लकड़ी के बुरादे से भरी खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में अशोक कुमार व जसवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सागर रावत गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर रुके राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची स्वार पुलिस ने दोनो शवों को कब्जे में ले लिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दी जिससे उनमें कोहराम मच गया। वहीं घायल युवक को उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाया गया है तथा उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए हैं। मृतक के भाई धर्मेंद्र सिंह की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।

संबंधित समाचार