संभल: 38 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा...गर्मी ने उबलने जैसा कराया अहसास
अमृत विचार, संभल। जिले में रविवार और सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार को गर्मी ने फिर से तेवर दिखाए। दोपहर के वक्त पारा चढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तो भीषण गर्मी में लोग उबल गए।
बारिश होने पर लोगों ने दो दिन राहत महसूस की। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप निकली तो लोगों के माथे पर पसीना आने लगा। लोगों ने कामकाज वाले स्थानों का रुख किया तो दिक्कतों से जूझे। समय के साथ पारा भी चढ़ता गया और जनजीवन अस्त व्यस्त नजर आया। दोपहर के वक्त तो पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
उस वक्त तमाम लोगों ने घरों में कैद होना ठीक समझा तो बाजारों और चौराहों पर सन्नाटे का माहौल बन गया। हालांकि घरों में लगे पंखे और कूलर भी खास राहत नहीं दे सके।आलम यह रहा कि शाम के वक्त भी तेज धूप की वजह से लोग पसीने में तरबतर नजर आए। देरशाम सात बजे से बाजारों और चौराहों पर रौनक का माहौल बनना शुरू हुआ।
