शाहजहांपुर: दूसरे मर्दों से संबंध बनाने को कहता था पति...महिला बोली-जान दूंगी मगर आबरू नहीं बेचूंगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पति से बोली महिला, पति बना रहा था दूसरों से संबंध बनाने का दबाव

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर पांच लाख रुपये मायके से मंगाने के लिए दबाव बनाया है। पत्नी ने मायके से रुपये लाने से मना कर दिया। पति ने पत्नी पर दबाव बनाया कि पैसे पैदा करने के लिए दूसरे लोगों से शारीरिक संबंध बनाने होंगे। पीड़िता ने कहा कि अपनी जान दे सकती हूं, लेकिन आबरू नहीं बेच सकती। पति ने पत्नी को घर से निकाल दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला ने बताया कि उसकी शादी एक साल पहले आयुष गुप्ता के साथ हुई थी। उसके माता-पिता ने सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। वह ससुराल गई और दांपत्य जीवन का पालन किया। उसके पति ने पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की। उसके पति ने कहा कि दुकान करनी है। पीड़िता ने माता-पिता से कहा तो पांच लाख रुपये देने से मना कर दिया। उसके ससुराल वालों ने शारीरिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति तरह-तरह का नशा करता है। आरोप है कि उसका पति उस पर दबाव बनाने लगा कि मायके वालों से रुपये नहीं दिलवा रही हो तो मेरे दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने होंगे। इससे पैसा पैदा करना होगा। पीड़िता ने पति से कहा कि वह अपनी जान दे सकती है, लेकिन अपनी आबरू नहीं बेच सकती। पीड़िता का आरोप है कि आठ अप्रैल को ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। वह मायके में रह रही है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

उधर, इसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला डीएसओ कंपाउंड निवासी मुस्कान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी शादी दो साल पहले सत्यम सिंह निवासी डिफेंस कॉलोनी लखनऊ के साथ हुई थी। ससुराल वालों ने उससे कहा कि मायके से कार लाकर दो। उसने ससुराल वालों से कहा कि मायके वाले कार नहीं दे पाएंगे। आरोप है कि 29 अप्रैल को ससुराल वालों ने उसे मारा पीटा और घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

 

संबंधित समाचार