अखिलेश ने BJP को बताया नौजवान विरोधी, कहा- केंद्र में 11 और UP में 8 साल से चला रही सरकार, फिर भी नहीं दे पाई 2 करोड़ नौकरी

लखनऊ, अमृत विचार। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नौजवान विरोधी है, भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया है। नौजवानों को भ्रमित करने के लिए भाजपा चुनाव के दौरान झूठे वादे करती है। भाजपा ने कभी युवाओं और नौजवानों को हर साल दो करोड़ नौकरी रोजगार देने का वादा किया था। केंद्र की 11 और प्रदेश की आठ साल सरकार चलाने के बाद भी नौजवानों को दो करोड़ रोजगार और नौकरी नहीं दे पाई।
सपा प्रमुख ने गुरूवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है। किसने युवाओं को सपने दिखाकर भावनात्मक रूप से छलने का काम किया है। भाजपा सरकार ने भावी प्राथमिक शिक्षकों को मायूस करके, उन्हें प्रयागराज में नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती निकालने के लिए ‘महाधरना’ देने पर मजबूर कर दिया है। सात सालों से डीएलएड की भर्ती न निकालकर भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि प्राथमिक शिक्षा उसकी प्राथमिकता ही नहीं है। सच्चाई तो ये है कि भाजपा शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी-रोज़गार जैसे बुनियादी मोर्चों पर पूरी तरह फ़ेल साबित हुई है। कुल मिलाकर भाजपा एक नाकामयाब सरकार है।
चौधरी चरण सिंह को दी गई श्रद्धांजलि
सपा मुख्यालय सहित सभी जिलों में सपा कार्यालय में किसानों के मसीहा भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 38वी पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजधानी में गुरुवार को चौधरी चरण सिंह के चित्र पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
सपा प्रमुख ने अपनी भावांजलि में कहा कि चौधरी साहब ने सम्पूर्ण जीवन भारतीयता और ग्रामीण परिवेश में जिया। उनका विचार था कि भारत की प्रगति ग्रामीण विकास से ही सम्भव हो सकती है। राष्ट्र की संपन्नता के लिए ग्रामीण क्षेत्र की क्रय शक्ति अधिक होने के साथ ग्रामीण क्षेत्र का उन्नयन आवश्यक है।