मुरादाबाद: मुख्यमंत्री के आदेश पर सजे रैन बसेरे, ठहरने की मिलेगी निशुल्क व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। अगर आप मुरादाबाद में हैं और रात काटने को जगह नहीं मिल रही तो आसानी से मुरादाबाद के रैन बसेरों का रूख कर सकते हैं। ठंड को लेकर महानगर में कई जगहों पर रैन बसेरे बनाए गए हैं। जहां आश्रय विहीन लोगों को ठहरने की निशुल्क व्यवस्था मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश …

मुरादाबाद,अमृत विचार। अगर आप मुरादाबाद में हैं और रात काटने को जगह नहीं मिल रही तो आसानी से मुरादाबाद के रैन बसेरों का रूख कर सकते हैं। ठंड को लेकर महानगर में कई जगहों पर रैन बसेरे बनाए गए हैं। जहां आश्रय विहीन लोगों को ठहरने की निशुल्क व्यवस्था मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद अमृत विचार टीम ने रेलवे स्टेशन, रामगंगा विहार, ढाका कुंदनपुर सहित अन्य जगह स्थायी रैन बसेरों की धरातलीय हकीकत जानी। जहां व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली, निगम की ओर से रैन बसेरों का जिम्मा प्राइवेट संस्था को सौंपा गया है।


दोपहर 12 बजे टीम रामगंगा विहार स्थित रैन बसेरा पहुंची। जहां चौकीदार राज कुमार मौजूद था। यहां निगम की ओर से चार बैड के साथ ही रसोई में खाने की व्यवस्था की हुयी है। साफ-सफाई भी बेहतर मिली। दोपहर एक बजे रेलवे स्टेशन के पास स्थित रैन बसेरे पहुंचे। यहां 36 बैड की व्यवस्था थी, जिसमें 10 बैड महिलाओं और 26 बैड पुरुषों के लिए अलग-अलग थे। मैनेजर बैड पर तोशक, तकिया, रजाई, गर्म कंबल के अलावे मच्छरदानी की भी व्यवस्था थी।

शुद्ध पेयजल को लेकर जहां रैन बसेरा में एक्वा गार्ड लगाया गया है, वही स्त्री और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है। मनोरंजन को लेकर रैन बसेरा में जहां टीवी लगाया गया है, वहीं सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है। रैन बसेरा में रहने वाले लोगों के लिए खाने की भी व्यवस्था की गई है। दोपहर ढ़ाई बजे टीम ढाका कुंदनपुर पहुंची। मैनेजर प्रियंका गुप्ता ने बताया कि यहां तीन मंजिला रैन बसेरा नगर निगम की ओर से बनाया गया है। जहां 50 बैड की व्यवस्था थी। साथ ही अलग-अलग शौचालय, रसोई और सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

निजी संस्था के हाथों दो रैन बसेरे
नगर निगम की ओर से महानगर में 9 स्थायी और 3 अस्थायी रैन बसेरे बनाए गए हैं। जिसमें से रेलवे स्टेशन और ढाका कुंदनपुर के रैन बसेरे की जिम्मेदारी श्री व्रज विहारी शिक्षा विकास संस्था मथुरा को सौंपी गयी है। संस्था की ओर से यहां सुरक्षाकर्मी, साफ-सफाई सहित खाने की व्यवस्था की जाती है। रैन बसेरे में रात बिताने के लिए आश्रय विहीन लोगों को सिर्फ आधार कार्ड देना होता है। इसके साथ ही रजिस्टर में नाम, पता, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर करने होते हैं। मैनेजर या कर्मचारी की ओर से किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है।

अभी बनाएं जाने हैं अस्थायी रैन बसेरे
नगर निगम की ओर से हर वर्ष ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अस्थायी रैन बसेरे भी बनाए जाते हैं। जहां जमीन पर गद्दे, रजाई सहित अलाव की व्यवस्था की जाती है। दिसंबर माह में ही निगम की ओर से रेलवे स्टेशन, पुराना बस स्टैंड और नए बस स्टैंड पर रैन बसेरे बनाएं जाएंगे।


आश्रय विहीन लोगों को ठंड के दिनों में किसी भी प्रकार का कोई कष्ट ना हो इसे लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है। रैन बसेरो में सभी सुविधाएं मुहैया कराई गई है। आधार कार्ड दिखाकर कोई भी व्यक्ति रैन बसेरे में रात बीता सकता है।-संजय चौहान, नगर आयुक्त

परेशानी हो तो इन नंबरों पर करें संपर्क
शेल्टर होम क्षमता सुविधाएं अधिकारी संपर्क
1-काजीपुरा 30 सभी सुविधाएं शिव मोहन 9105999881
2-मऊ 30 सभी सुविधाएं विजेन्द्र पाल 9105900506
3-रामगंगा 10 सभी सुविधाएं प्रमोद गुप्ता 9105900504
4-जाटव बस्ती 30 सभी सुविधाएं किशनलाल 9105900522
5-कुंदनपुर 60 सभी सुविधाएं मनीष वैध 9105900525
6-दस सराय(महिला) 40 सभी सुविधाएं अखिलेश पाल 9140577586
7-दस सराय (पुरुष) 40 सभी सुविधाएं रईस अहमद 9412371120
8-कुंदनपुर आश्रय घर 50 सभी सुविधाएं शिखा पांडेय 9105900541
9-रेलवे स्टेशन 36 सभी सुविधाएं राकेश सोनकर 9105900505

संबंधित समाचार