मुरादाबाद: दवा खत्म होने पर भड़का था खूब सिंह, दरवाजा खुलवाने पर की फायरिंग
मुरादाबाद,अमृत विचार। पत्नी से विवाद होने पर गोली चलाने वाले खूब सिंह ने बुधवार की सुबह से ही खुद को कमरे में बंद कर लिया था, जिसकी वजह दवा खत्म होना बताई जा रही है। करीब चार घंटे तक जब वह बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। सीढ़ी के सहारे …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पत्नी से विवाद होने पर गोली चलाने वाले खूब सिंह ने बुधवार की सुबह से ही खुद को कमरे में बंद कर लिया था, जिसकी वजह दवा खत्म होना बताई जा रही है। करीब चार घंटे तक जब वह बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। सीढ़ी के सहारे प्रथम तल के कमरे का दरवाजा खुलवाने का परिजनों ने प्रयास किया तो खूब सिंह पत्नी पर भड़क गया और लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी।
छर्रे छत पर पढ़ रहे पुनीत और उसकी मां को लग गए और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद जहां विजय के घर में कोहराम मच गया तो वहीं आरोपी खूब सिंह ने भी भागने की कोशिश नहीं की। कमरे से निकलकर वह नीचे सीढ़ियों पर आकर बैठ गया। जिसे बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने हिरासत में ले लिया। साथ ही उसकी लाइसेंसी बंदूक व कारतूस भी पुलिस ने बरामद कर लिए।
वारदात की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी अमित आनंद और सीओ सिविल लाइंस कुलदीप सिंह गुनावत मौके पर पहुंच गए। उस वक्त तक पुलिस खूब सिंह को अपने साथ ले जा चुकी थी। घर में उसकी बूढ़ी मां लक्ष्मी देवी थी। पुलिस ने जब लक्ष्मी देवी से जब गोली चलाने की वजह पूछी तो उन्होंने पूरे मामले की जानकारी दी। बकौल लक्ष्मी देवी खूब सिंह रसोई गैस रिफिलिंग व डिलीवरी का काम करता था।
करीब छह साल पहले उसे पैरा लाइसिस का अटैक हुआ तो वह बीमार हो गया। इसके बाद काम-काज भी छूट गया और वह घर में रहने लगा। तब से लगातार उसका इलाज चल रहा है। काम-काज छूटने के कारण वह डिप्रेशन का शिकार हो गया। लक्ष्मी देवी के अनुसार, इधर कुछ दिनों से उसकी दवा खत्म हो गई थी तो वह पत्नी व बच्चों से झगड़ा करने लगा।
बुधवार को भी झगड़ा होने पर वह गुस्से में मकान के प्रथम तल पर बने कमरे में गया और खुद को अंदर से बंद कर लिया। इतना ही नहीं उसने खुद को गोली से उड़ाने की भी धमकी दी। करीब चार घंटे तक तक वह बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। बकौल लक्ष्मी देवी, दरवाजा खुलवाने के लिए वह पड़ोस से सीढ़ी मांगकर लाई।
बाद में घर के सामने रहने वाले विजय कुमार की छत का सहारा लेकर सीढ़ी लगाई और दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने लगे। जिस पर कमरे में बंद खूब सिंह भड़क गया और लाइसेंसी एकनाली बंदूक से फायर करने लगा। इस बीच छर्रे छत पर पढ़ रहे पुनीत के गले में लग गए, वहीं पुनीत के बराबर में खड़ी मां रचना भी छर्रे लगने से घायल हो गई।
अचानक फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने खूब सिंह को हिरासत में लेने के बाद उसकी लाइसेंसी बंदूक व दो खोखा व करीब 22 जिंदा कारतूस भी कब्जे में ले लिए। सीओ सिविल लाइंस के अनुसार रचना की हालत में सुधार है।
