बरेली: पुलिस ने टूटने से बचाईं 105 रिश्तों की डोर
अनिल कुमार, बरेली। शादी के बंधन को सात जन्मों का बंधन कहा जाता है। पति-पत्नी जिंदगी के हर सफर में साथ निभाने की कस्में खाते हैं लेकिन हाईटेक और भागदौड़ की जिंदगी में मामूली बात पर पति-पत्नी में दरार पड़ रही है। एक बार दरार पड़ जाए तो रिश्ते टूट जा रहे हैं। रिश्ता टूटने …
अनिल कुमार, बरेली। शादी के बंधन को सात जन्मों का बंधन कहा जाता है। पति-पत्नी जिंदगी के हर सफर में साथ निभाने की कस्में खाते हैं लेकिन हाईटेक और भागदौड़ की जिंदगी में मामूली बात पर पति-पत्नी में दरार पड़ रही है। एक बार दरार पड़ जाए तो रिश्ते टूट जा रहे हैं। रिश्ता टूटने पर आरोप दहेज का लगता है और मामला पुलिस के पास पहुंचता है।
ऐसे ही मामलों में पुलिस रिश्तों को टूटने से बचाने के हर संभव प्रयास कर रही है। इस वर्ष कोरोना काल में रिश्तों में काफी दिक्कतें आयीं और कोरोना की वजह से परामर्श केंद्र संचालित न होने से पुलिस को भी रिश्ते जोड़ने में काफी दिक्कतें हुईं। इसके चलते थानों में भी समझौते कराए गए। इस वर्ष नवंबर माह तक 105 जोड़ों को मिलवाकर रिश्ते टूटने से बचाया।
दहेज प्रताड़ना या अन्य किसी तरह की प्रताड़ना के मामलों की शिकायत पर सबसे पहले मामले को परामर्श केंद्र भेजा जाता है। यहां काउंसलर पति-पत्नी व दोनों के परिजनों को बुलाते हैं। बरेली में पुलिस लाइंस में शहर के थानों के अंतर्गत आने वाले मामलों और देहात एरिया में सभी तहसीलों में परामर्श केंद्र संचालित होते हैं।
इस वर्ष पहले जनवरी से मार्च तक परामर्श केंद्र संचालित हुआ लेकिन कोरोना की वजह से करीब 6 महीने से अधिक परामर्श बंद रहा। इस दौरान भी पुलिस अधिकारियों के पास मामले पहुंचे। इन मामलों को उस दौरान थानों में ही भेजा गया और वहां भी सबसे पहले समझौता कराने का प्रयास किया गया। जिन मामलों में बात नहीं बनी उनमें दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई।
कोरोना काल में पति-पत्नी के बीच विवाद के मामले भी अधिक बढ़े और कई मामलों में तो नौबत सुसाइड तक पहुंच गई। इस वर्ष शहर के 9 थानों से जुड़े 89 मामलों में पुलिस ने समझौता कराया। इसमें सबसे ज्यादा 18 समझौते इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुए।
इसके अलावा देहात के 19 थानों में 16 मामलों में समझौते कराए गए। हालांकि, देहात के थानों में समझौतों की संख्या कम है। देहात में आंवला तहसील के तीन, फरीदपुर तहसील के दो, नवाबगंज के तीन, बहेड़ी के पांच और आंवला के दो मामलों में समझौता कराया गया।
शहर के थाना एरिया के समझौते
कोतवाली- 06
प्रेमनगर- 09
किला- 07
सुभाषनगर- 11
बारादरी- 15
कैंट- 07
इज्जतनगर- 18
बिथरी चैनपुर- 09
सीबीगंज- 07
पति-पत्नी के विवाद को हर हाल में समझौता कराकर जोड़ने का प्रयास किया जाता है। कोरोना काल में परामर्श केंद्र बंद होने पर थानों में समझौते कराए गए। इस वर्ष अब तक 105 जोड़ों को टूटने से बचाया है। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
