कासगंज: हर हर गंगे के स्वर से गूंजे गंगा घाट, उमड़ा आस्था का सैलाब
श्रद्धालुओं ने सोरोंजी हरिकी पौड़ी, लहरा, कछला व कादरगंज घाट पर लगाई डुबकी
सोरोंजी/गंजडुंडवारा, अमृत विचार। गंगा दशहरा पर्व पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब गुरुवार सुबह से गंगा घाटों पर उमड़ पड़ा। घाटों पर व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। हर हर गंगे के स्वर से गंगा घाट गुंजायमान हो गए। दूरदराज क्षेत्रों से आस्था की डुबकी लगाने के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। तीर्थ नगरी सोरोंजी के हरिपदी घाट के अतिरिक्त लहरा, कछला और कादरगंज गंगा घाट पर आस्था की डुबकी लगाई। नावों पर पीएसी कर्मी भी गंगा में गश्त करते रहे। श्रद्धालुओं के वाहन खड़ा कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की थी।
दशहरा पर्व पर राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के अलावा आसपास के जनपदों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में श्रद्धा की डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए यातायात में भी परिवर्तन किया गया, बड़े वाहनों को बदायू, एटा और अलीगढ़ की सीमा पर ही रुकवा दिया गया तो छोटे वाहनों को रूट डाइवर्ट कर निकाला गया। सोरों की हरिपदी गंगा के अलावा लहरा और कछला घाट और कादरगंज घाट पर हजारों भक्तों ने डुबकी लगाई। महिलाओं और बच्चों के अलावा भारी तादाद में बुजुर्गों ने भी स्नान किया। प्रशासन द्वारा अप्रिय घटना को रोकने के लिए गंगा में नावों पर गोताखोर तैनात किए गए थे। पुलिस भी मौके का जायजा लेती रही। खोया-पाया केंद्र पर लोगों की सूचनाओं का आदान-प्रदान होता रहा। श्रद्धालुओं ने सोरोंजी में गंगा स्नान करने के बाद देव दर्शन किए और हरिपदी गंगा की परिक्रमा लगाई। माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा। पुरोहितों ने श्रद्धालुओं को विधि विधान पूर्वक स्नान कराया। गंगा घाट पर धार्मिक अनुष्ठान भी हुए।
डीएम ने किया गंगा मैया का दुग्धाभिषेक
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कछला गंगा घाट पर गंगा मैया का दुग्धाभिषेक किया। वहीं गंगा मैया का पूजन व अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए। उनके साथ उपजिलाधिकारी विनोद जोशी व उनकी पत्नी भी पूजन कार्यक्रम में शामिल रहीं।
एसपी व एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जाएजा
गंगा दशहरा स्नान पर्व पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा व अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने गंगा घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से गहरे पानी में स्नान न करने की अपील की।
बच्चों के कराए मुंडन संस्कार
गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने अपने नवजातों का मुंडन संस्कार भी कराया। हरिपदी गंगा पर दर्जनों महिलाओं ने गंगा स्नान से पहले नवजातों के बाल मुड़वाए। इस दौरान नेक देकर प्रसाद भी वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने पितरों को भी तर्पण किया।
पल-पल लगता रहा जाम
श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी तो वाहनों की कतारें लग गई। श्रद्धालुओं के निजी वाहनों के अलावा डग्गामार वाहन और रोडवेज की बसें भी जाम में फंसी रहीं। लंबी-लंबी कतारें लगी थी। पार्किंग व्यवस्था होने के बावजूद भी श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। यातायात पुलिस दिनभर मशक्कत करती रही।
दुकानों पर खूब हुई खरीदारी
गंगा दशहरा पर स्नान को आए श्रद्धालुओं ने तीर्थ नगरी में सजी दुकानों से जमकर खरीदारी की। माला और बच्चों के खिलौने और पूजा के सामान के अलावा देवों के छवि चित्र भी खरीदे गए। गंगा स्नान के बाद स्नानार्थियों ने तीर्थ नगरी में लगे मेले रौनक बढ़ाई। पूजा सामग्री के अलावा महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन की सामग्री खरीदी तो बच्चों ने खिलौने खरीदे। चाट पकौड़ी की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही।
मेला ग्राउंड में हुई पार्किंग व्यवस्था
गंगा दशहरा पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों के लिए मेला ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। बरेली- बदायूं की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को गोरहा नहर से सहावर होते हुए कादरगंज पुल से निकाला जाएगा। बदायूं की तरफ से आने वाले वाहनों को कादरगंज ,अमांपुर से होकर एटा की तरफ निकाला गया।
जगह-जगह लगे मीठे शरबत के प्याऊ, बांटा भंडारा प्रसाद
गंगा दशहरा पर्व पर मीठे शरबत के प्याऊ का विशेष महत्व है। आस्था आस्था वादी लोगों ने जगह जगह मीठे शरबत के प्याऊ लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया, तो वहीं भीषण गर्मी में लोगों ने शरबत पीकर गर्मी से राहत की सांस ली। वहीं जगह-जगह भंडारा प्रसाद का वितरण किया गया।
ये भी पढ़ें - कासगंज: कार सवारों की दबंगई का वीडियो वायरल...बाइक में जमकर की तोड़फोड़
