शाहजहांपुर: छात्रा को थप्पड़ मारना सिपाही को पड़ा महंगा, एसपी ने लिया ये एक्शन
अमृत विचार, शाहजहांपुर (अल्हागंज)। कोचिंग के बाहर खड़ी छात्रा के साथ नशे में धुत सिपाही ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर सिपाही ने छात्रा को थप्पड़ मार दिया। छात्रा की सूचना पर परिजन आ गए। अखिल भारतीय परिषद के कार्यकर्ता व छात्रों के साथ परिजनों ने थाने में हंगामा किया। पुलिस ने सिपाही को …
अमृत विचार, शाहजहांपुर (अल्हागंज)। कोचिंग के बाहर खड़ी छात्रा के साथ नशे में धुत सिपाही ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर सिपाही ने छात्रा को थप्पड़ मार दिया। छात्रा की सूचना पर परिजन आ गए। अखिल भारतीय परिषद के कार्यकर्ता व छात्रों के साथ परिजनों ने थाने में हंगामा किया। पुलिस ने सिपाही को थाने में बैठा लिया। अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी लेकिन सिपाही का काफी देर तक मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। छात्रा के पिता ने सिपाही के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। किसी छात्र ने इसका वीडियो भी बना लिया जो वायरल हो रहा है।
कस्बा के मोहल्ला बागिया निवासी मास्टर रामनाथ सिंह के मकान में अल्हागंज थाने में तैनात सिपाही मुकेश कुमार किराये पर रहता है। रामनाथ सिंह मकान के एक हिस्से में कोचिंग चलाते हैं। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक बैच अंदर पढ़ाई कर रहा था। बैच खत्म होने वाला था और दूसरे बैच के छात्र कोचिंग के बाहर खड़े होकर इंतजार कर रहे थे।
छात्र आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी नशे में धुत सिपाही मुकेश कुमार आया और मोहल्ला दखिनउआ निवासी छात्रा प्रीति सिंह से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर सिपाही छात्रा के साथ मारपीट करने लगा। वहां मौजूद छात्रों ने किसी तरह से छात्रा को बचाया। सिपाही डंडा लेकर वहां से छात्रों को भगाने लगा। इसी बीच छात्रा के परिजन मौके पर पहुंच गए। छात्रों के साथ परिजन थाने पहुंच गए।
सूचना मिलने पर अखिल भारतीय परिषद के कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। मोहल्ले वालों ने बताया कि सिपाही अक्सर शराब पीकर मोहल्ले में हंगामा करता है। पुलिस ने छात्रा के पिता सल्लू सिंह की तहरीर पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अल्हागंज अजब सिंह ने बताया कि सिपाही को थाने में बैठा लिया गया है। तहरीर के आधार पर सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की जानकारी एसपी को दे दी गई है। आरोपी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी सिपाही मुकेश कुमार को सस्पेंड किया गया है। अनुशासन ही पुलिस की पहचान है। अनुशासनहीनता करने वाले और आम जनता से दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -एसपी एस आनंद
