बदायूं वालों को उमस भरी गर्मी और लू के थपेड़ों ने किया परेशान

बदायूं वालों को उमस भरी गर्मी और लू के थपेड़ों ने किया परेशान

बदायूं, अमृत विचार। 43 डिग्री का तापमान और चिलचिलाती धूप ने लोगों को घर में कैद होने के लिए विवश कर दिया है। हालात ऐसे हो जा रहे कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने वाले लोगों की त्वचा लाल पड़ जा रही है। उमस भरी गर्मी लोगों के छक्के छुड़ा रही है।

शुक्रवार को मौसम में बदलाव देखा गया। आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। दिन भर तेज गति से हवा चलती रही, लेकिन तापमान में कमी नहीं आई। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। बढ़ते तापमान के बीच उमस गर्मी के कारण लोगों में बेचैनी बढ़ गई है। हालांकि कृषि विभाग आंधी बारिश की संभावना जता रहा है। अधिकारियों का कहना है कि एक दो दिन में बारिश हो सकती है।

शुक्रवार की सुबह धूप खिलने के बाद आसमान में बादल छा गए। ऐसा लगा कि बारिश हो जाएगी। कुछ देर बाद पछुआ हवाएं चलने लगी। 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं बादलों को अपने साथ उड़ा ले गई। इसके बाद मौसम साफ हो गया और चिलचिलाती धूप खिल उठी। सुबह 10 बजे तक धूप इतनी तेज हो गई कि बाहर निकलने में लोग कतरा रहे थे। जिस तरह के हालात आमतौर पर दोपहर के समय होते हैं, ऐसा मौसम सुबह 10 बजे से ही बन गया था। दफ्तर, दुकान आदि कार्यस्थलों पर जाने वाले लोग खासे परेशान नजर आए। कोई छतरी लगाकर तो कोई सिर पर अंगोछा, कैप आदि के जरिये धूप बचाने की कोशिश करता नजर आया। जैसे-जैसे समय बढ़ा, गर्मी का प्रकोप और बढ़ता गया।

दोपहर के समय जब तापमान 43 डिग्री पर जा पहुंचा तो लोगों को गर्मी असहनीय महसूस होने लगी। जिसके कारण बाजार और सड़कों पर सन्नाटे वाली स्थिति बन गई। बाजार में सन्नाटा पसर जाने के कारण दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। कृषि अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि मौसम में परिवर्तन हो रहा है। शनिवार या रविवार को बारिश हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। तापमान में स्थिर रहेगा।

ताजा समाचार

'नेताओं को गालियां, महिला को अश्लील इशारे', नशे में धुत व्यक्ति ने लखनऊ मेट्रो में किया हंगामा, वीडियो वायरल  
यूपी में मक्का-आलू को मिलेगा सीधा बाजार, Ninjacart-Agristo से करार, 10 हजार किसानों की आय में होगी बढ़ोतरी  
CM योगी के प्रयासों से मिल रहा नया जीवन, कल-कल बह रही बलरामपुर की सुआंव और बहराइच की टेढ़ी नदी 
वेस्टइंडीज चैंपियंस की शानदार वापसी... क्रिकेट इतिहास की सबसे महंगी जर्सी के साथ नजर आएंगे स्टार खिलाड़ी 
विषमुक्त अन्न, दूध, फल-सब्जियां उपलब्ध कराएगी सरकार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर गांव-गांव अभियान चलाने की तैयारी
बटेश्वर गांव का होगा विकास, देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव में ख़र्च होंगे 27 करोड़