सांसद चंद्रशेखर आजाद पर शोषण का आरोप लगाने वाली कौन है स्विट्जरलैंड की ये पीएचडी स्कॉलर!
लखनऊ, अमृत विचार। भीम आर्मी के संस्थापक और यूपी के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद (MP Chandrashekhar Azad) एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार चर्चा की वजह कोई आंदोलन नहीं, बल्कि एक पीएचडी स्कॉलर के शोषण का गंभीर आरोप है। चंद्रशेखर के खिलाफ आरोप लगाने वाली डॉ. रोहिणी घावरी (PhD scholar Dr Rohini Ghavari) के दावे पर राजनीतिक तापमान बढ़ने लगा है।
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने चंद्रशेखर को घेरते हुए सवाल उठाया कि लड़की के आरोपों पर इन्हें जवाब देना चाहिए कि नहीं? एक इंटरव्यू में चंद्रशेखर पर शोषण का आरोप लगाने वाली डॉ. रोहिणी घावरी कौन हैं? उनकी पृष्ठभूमि क्या है? कहां से आती हैं और कहां पढ़ाई की? चंद्रशेखर आजाद के साथ उनका क्या रिश्ता है?
https://twitter.com/DrRohinighavari/status/1934182060681294084
डॉ. रोहिणी मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं। वाल्मीकि समाज से ताल्लुक रखती हैं। वह एक सफाईकर्मी की बेटी हैं। उनके पिता हॉस्पिटल में सफाई करते हैं। रोहिणी ने इंदौर से ही पढ़ाई की। वर्ष 2019 में हायर एजुकेशन के लिए एक करोड़ की स्कॉलरशिप हासिल और स्विट्जरलैंड गईं। तब से वह स्विट्जरलैंड में ही काम कर रही हैं। एक एनजीओ भी संचालित कर रही हैं।
चंद्रशेखर पर शोषण के आरोप लगाने के बाद से वह सुर्खियों में बनी हैं और कोई उनके बारे में गूगल कर रहा है। रोहिणी ने मीडिया और सोशल मीडिया पर अपनी जान को खतरा भी जताया है। वह सिलसिलेवार तरीके से चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ सोशल मीडिया पर साक्ष्यों का दावा कर रही हैं।
चंद्रशेखर पर कई और लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कराने का आरोप लगाते हुए रोहिणी कहती हैं कि वह कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही हैं। और बहुत जल्द ही एफआईआर दर्ज कराएंगी। इसके लिए कानूनी सलाह भी ले रही हैं। सनद रहे कि डॉ. रोहिणी वर्ष 2023 में संयुक्त राष्ट्र में अपनी स्पीच को लेकर चर्चा में आई थीं। जहां उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत जय श्रीराम के साथ की थी। उसके बाद दूसरी बार वह भारत में चर्चा में हैं, लेकिन इस बार परिदृश्य बिल्कुल बदला हुआ है। डॉ. रोहिणी के आरोपों के बीच चंद्रशेखर आजाद सवालों में घिरे हैं और मीडिया उनसे प्रश्न कर रही है।
दूसरी तरफ डॉ. रोहिणी अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर सक्रिय हैं। जहां वे वाट्सएप चैट से लेकर अन्य साक्ष्य सार्वजनिक कर रही हैं। ऐसी ही एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि अभी तो एक प्रतिशत भी चीजें सार्वजनिक नहीं की हैं। उन्होंने आजाद के बहुजन मिशन को भी छलावा बताया है। उन्होंने दावा किया कि हर मुश्किल वक्त में आजाद का साथ दिया।
डॉ. रोहिणी के आरोपों के बीच भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि "जनवरी 2023 में जब कुछ बच्चों ने मेरे ऊपर आरोप लगाए थे। तब इन्हीं सांसद महोदय ने कहा था कि अगर समाज अनुमति दे तो मैं उन्हें घसीटकर लाऊंगा। आज मैं उन सांसद से पूछता हूं कि आखिर आपका वो बल अब कहां गया? क्या इस पर कोई जवाब देंगे?
