पीलीभीत: 35 एमएम बारिश ने बदला मौसम, आंधी-बारिश से टूटे पेड़
पीलीभीत, अमृत विचार। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक हुई 35 एमएम बारिश ने तापमान में गिरावट की। हालांकि बारिश के बाद आफत भी कम नहीं रही। आंधी-बारिश से कई जगह पेड़ टूट गए। वहीं, निर्माणाधीन कार्य की हकीकत भी सामने आई। विशेषज्ञों की मानें तो अभी आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम रहने के आसार हैं।
रविवार को दिनभर की उमस भरी गर्मी के बीच शाम को मौसम बदलना शुरू हो गया था। देर रात एक बजे के बाद अचानक तेज हवा चलना शुरू हो गई। इसके बाद तेज बारिश हुई। जिससे गर्मी से कुछ निजात मिलती दिखी। सुबह करीब पांच बजे से साढ़े छह बजे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद आठ बजे तक हल्की रही। इससे मौसम बदला रहा। लोगों को इस बारिश ने गर्मी से राहत दी। दोपहर में तेज धूप रही, लेकिन बारिश का असर रहा कि बीते दिनों से उमस कम रही। हालांकि बारिश के बाद जलभराव की दिक्कत भी हुई। मगर, कुछ देर बाद पानी नालियों के रास्ते निकल गया। इसके अलावा आंधी बारिश से कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। एक पेड़ गिरने से नेहरू पार्क की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके अलावा नकटादाना चौराहा के पास तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य चल रहा है। जिसमें ठेकेदार की ओर से बनवाई गई दीवार का कुछ हिस्सा भी पहली बरसात में ढह गया। जिससे उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाते रहे। फसलों को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ.एसएस ढाका ने बताया कि करीब 35 एमएम बारिश हुई है। 23 जून तक इसी तरह से मौसम बना रहेगा। 24 जून के बाद मानसून की बारिश के आसार हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
बिजली गिरने से झुलसी महिला
बरखेड़ा, अमृत विचार: आंधी बारिश के बीच देर रात क्षेत्र के ग्राम कबूलपुर में बिजली गिरी। बता दें कि गांव के रहने वाले पूरनलाल के परिवार वाले गर्मी की वजह से छत पर बने टिनशेड के नीचे सो रहे थे। बताते हैं कि देर रात बिजली गिरी और उसकी चपेट में आकर उनकी पत्नी 40 वर्षीय सरस्वती झुलस गई। इस दौरान घर पर लगे बिजली संचालित उपकरण भी खराब हो गए। महिला का सीएचसी में इलाज कराया। हादसे के चलते हड़कंप मचा रहा।
