अमरोहा : पटाखा फैक्ट्री संचालक पर रिपोर्ट दर्ज, अवैध विस्फोटक सामग्री बनवाने का लगा आरोप
एक मृतका के पति की तहरीर पर दर्ज की गई रिपोर्ट
अमरोहा, अमृत विचार। पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के बाद मृतका सर्वेश के पति की तहरीर पर आरोपी फैक्टरी संचालक सैफुर्रहमान के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि फैक्ट्री में मानक के अनुसार सुरक्षा उपकरण नहीं थे। इसके अलावा अवैध रूप से पटाखे का निर्माण करवा रहा था। नियमों से हटकर भयंकर विस्फोटक पटाखे बनवाए जाते थे।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी कला में करीब 2 साल पहले हापुड़ के निवासी सैफुर्ररहमान ने जंगलों में पटाखा फैक्ट्री बनवाई थी। बकायदा उसका लाइसेंस भी लिया था। लेकिन नियमों को दरकिनार कर सैफुर्ररहमान अवैध रूप से इस फैक्ट्री में पटाखे बनवाता था। नियम कायदे कानून ताख पर रखकर सैफुर्ररहमान कम दिहाड़ी पर महिला मजदूरों को रखकर उनसे घातक विस्फोट सामग्री बनवाता था। नतीजा सोमवार को दोपहर में पटाखा फैक्ट्री में भयंकर विस्फोट हो गया। जिसमें काम कर रही चार महिलाओं रूमा पत्नी दानवीर निवासी पपसरा, सर्वेश पत्नी सोविन्दर निवासी गांव पपसरा, रुकसाना पत्नी जाकिर निवासी रजबपुर व शहनाज पत्नी साबिर निवासी रजबपुर की मौत हो गयी। उजबकि हादसे में 8 महिलाएं मोना, सलोनी, इंद्रावती, सोनिया, पूजा, नसरीन पूजा व विशाल सहित 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीएम निधि गुप्ता व एसपी अमित कुमार आनंद पहुंच गए और अपने सामने ही राहत बचाव कार्य कराया। ही जांच कमेटी गठित की।
मंगलवार को घटना में मृतका सर्वेश के पति सोविंद्र सिंह निवासी गांव पपसरा की तहरीर पर पटाखा फैक्ट्री के संचालक सैफुर्ररहमान पुत्र केसर अहमद निवासी भंडा पट्टा जिला हापुड़ के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि संचालक नियमों से हटकर अवैध विस्फोटक सामग्री महिलाओं से बनवाता था। इसके साथ ही उसके द्वारा सुरक्षा का कोई सही इंतजाम नहीं किया गया था। उनकी लापरवाही के कारण ही फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि आरोपी सैफुर्ररहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार किया जाएगा।
इन धाराओं में हुई रिपोर्ट दर्ज
बीएनएस की धारा 288
बीएनएस की धारा 125(बी)
बीएनएस की धारा 186
विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी
दो महिलाओं की हालत नाजुक, दिल्ली में चल रहा उपचार
पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में घायल दो महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई। उनको दिल्ली के सफदरगंज स्थित बंर्न सेंटर में भर्ती कराया गया है। अन्य महिलाओं का उपचार जिल अस्पताल में ही चल रहा है। रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी कला में जंगलों में पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को जबर्दस्त विस्फोट हुआ था। रूमा, सर्वेश, शहनाज और रुखसाना की मौत हो गई थी। जबकि आठ महिलाएं व एक युवक बुरी तरह घायल हो गए थे। धमाका इतना भयंकर था कि मृतक चारों महिलाओं के चिथड़े हो गए थे। किसी का अंग खेत में मिला तो किसी का अंग मलबे में दबा हुआ था। नजमीन व सोनिया की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल के बर्न सेंटर में रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों की हालत गंभीर है। यह फैक्ट्री हापुड़ के निवासी कारोबारी सैफुर्रहान संचालित कर रहे थे। फिलहाल इस मामले में डीएम के स्तर से चार सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है जो पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
ये भी पढ़ें - अमरोहा : भाभी की हत्या के दोषी को उम्रकैद, 50 हजार जुर्माना
