कन्नौज में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी ने प्रेमिका को मारी गोली खुद को भी उड़ाया, एक दिन पहले हुई थी पंचायत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सौरिख/कन्नौज, अमृत विचार। पिता की लाइसेंसी बंदूक से युवक ने पहले प्रेमिका को गोली मारी और वहां से 15 मीटर दूर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। युवक पड़ोस के गांव का रहने वाला था और तीन साल से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुबह तीन बजे उसने इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

थाना क्षेत्र के कुठला गांव निवासी महिपाल सिंह यादव उर्फ फौजी के बेटे देवांशू उर्फ अन्नू (22) का पड़ोस के गांव सुल्तानपुर की युवती दीप्ती (21) पुत्री अशोक कुमार पाल से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के परिवार वालों को जब जानकारी हुई तो उन्होंने 15 दिन पहले उसकी शादी जनपद औरैया के एरवा कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम चिट्ठा में तय कर दी। जिस लड़के से शादी तय हुई, वह तालग्राम कस्बे में प्राइवेट क्लीनिक संचालित करता है। 

cats

देवांशू ने तालग्राम जाकर लड़के को धमकाया और दीप्ती से शादी न करने के लिए कहा। इस पर लड़के ने दीप्ती के पिता को घटनाक्रम के बारे में बताया।  रविवार को पड़ोस के गांव नगला भजूं में दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई, जिसमें देवांशू ने दीप्ती से सारे संबंध खत्म करने की बात कही थी। पंचायत में वह लड़का भी मौजूद था, जिसके साथ दीप्ती की शादी तय हुई थी। 

सोमवार को सुबह तीन बजे देवांशू अपने पिता की बारह बोर की लाइसेंसी बंदूक लेकर चुपचाप सुल्तानपुर पहुच गया और छत से नीचे उतर कर कमरे में  छोटी बहन दीपांशु के साथ सो रही दीप्ती के माथे में बन्दूक की नाल सटाकर गोली मार दी और भाग गया। इसके बाद उसके घर से केवल 15 मीटर दूर तालाब के किनारे खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौत हो गई। 

गोली चलने की आवाज सुनकर घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। परिवार की तरफ से स्थली पुलिस को सूचना दी गई मौके पर पहुंची पुलिस में घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। सुबह जानकारी मिलते ही एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ छिबरामऊ सुरेश मलिक, थाना प्रभारी दिनेश कुमार, सकरावा थानाध्यक्ष अजब सिंह, विशुनगढ़ थानाध्यक्ष गौरव चौधरी, छिबरामऊ कोतवाल विष्णुकांत तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक और खोके जब्त किए हैं। 

घटना के बाद देवांशू के परिवार वाले मकान में ताला डालकर भाग गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय पर भेज दिया। एसपी ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतिका बीएससी फाइनल की छात्रा थी। परिवार में छोटी बहन दीपांशु और एक भाई अभिषेक है, जबकि देवांशू उर्फ अन्नू दो भाई और दो बहन है। दीप्ती के पिता अशोक बिजली विभाग में तालग्राम में लाइनमैन के पद पर तैनात हैं। घटना से उनके परिवार में कोहराम मच गया।

 

संबंधित समाचार