पंजाब: लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लुधियाना। पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतों की गिनती सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के बाद लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी इसलिए वहां चुनाव आवश्यक हो गया था। 

लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर 19 जून को उपचुनाव कराया गया। चुनाव में 51.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2022 के विधानसभा चुनाव में दर्ज 64 प्रतिशत मतदान से काफी कम है। उपचुनाव के लिए 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। एक अधिकारी ने बताया कि खालसा महिला कॉलेज को मतगणना केंद्र बनाया गया है जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 

मतगणना 14 चरण में होगी। उपचुनाव में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच रहा। आम आदमी पार्टी ने उपचुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य और लुधियाना के उद्योगपति संजीव अरोड़ा (61) को उम्मीदवार बनाया। 

वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु (51) पर दांव लगाया। भाजपा ने पार्टी की पंजाब इकाई की कोर कमेटी के सदस्य वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता को मैदान में उतारा, जबकि शिअद ने वकील और लुधियाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष परोपकार सिंह घुम्मण को अपना उम्मीदवार बनाया।  

संबंधित समाचार