अमरोहा : गन्ने के खेत में मिला युवक का शव, शरीर पर थे चोट के निशान

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका

अमरोहा, अमृत विचार: रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव में गन्ने के खेत में अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। सीओ व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। शिनाख्त न हो सकने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस पर रखवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव शहबाजपुर निवासी जितेंद्र सिंह सोमवार की सुबह अपने खेतों की तरफ गए थे। उन्हें गन्ने के खेत में एक शव पड़ा मिला। उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी दी तो बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। शव की शिनाख्त करने की कोशिश की लेकिन नहीं हो सकी। मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे। मृतक केवल अंडरवियर पहने हुए था। ग्राम प्रधान नवनीत सिरोही की सूचना पर सीओ शक्ति सिंह, रजबपुर थाना प्रभारी कोमल तोमर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच पड़ताल की। एसपी अमित कुमार आनंद ने भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुुआयना किया। लोगों से पूछताछ की लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।

गन्न के खेत में युवक शव मिला है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शिनाख्त के लिए प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम हाउस पर रखवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा। - शक्ति सिंह, सीओ सिटी।

ये भी पढ़ें - अमरोहा : चोरों के हौंसले बुलंद, चार घरों से एक ही रात लाखों की चोरी

संबंधित समाचार