जम्मू-कश्मीर: डीडीसी चुनाव के तीसरे चरण में 50.53 प्रतिशत मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रीनगर/जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 33 निर्वाचन क्षेत्रों में स्वतंत्रता के बाद पहली बार कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहे जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनावों के तीसरे चरण में शुक्रवार 50.53 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य चुनाव आयुक्त के के शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण में 50.53 …

श्रीनगर/जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 33 निर्वाचन क्षेत्रों में स्वतंत्रता के बाद पहली बार कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहे जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनावों के तीसरे चरण में शुक्रवार 50.53 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य चुनाव आयुक्त के के शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण में 50.53 प्रतिशत मतदान हुआ जो प्रदेश में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। चुनाव आयुक्त ने कहा कि डीडीसी चुनाव के तीसरे चरण के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार को प्रयोग करने के लिए घर से बाहर निकले।

प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड के बावजूद सुबह से ही मतदान केन्द्रों में वोट डालने के लिए लंबी कतारें देखी गईं। यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि डीडीसी के 33 निर्वाचन क्षेत्रों में से कश्मीर संभाग में 16 और जम्मू संभाग में 17 में मतदान हुए।

उन्होंने कहा, “कश्मीर के कुपवाड़ा में 46.25 प्रतिशत, बांदीपोरा में 56.73, बारामूला में 30.94, गांदरबल में 24.69, बडगाम में 50.18, शेट्टी में 22.68, कुलगाम में 64.45 और अनंतनाग में 21.64 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि जम्मू संभाग के किश्तवार में 70.35 प्रतिशत, डोडा में 59.51, रामबन में 64.76, कठुआ में 62.18, सांबा में 70.15, जम्मू में 70.44, राजौरी में 72.81 और पुंछ में 72.18 प्रतिशत मतदान हुआ।

के के शर्मा ने बताया कि कश्मीर संभाग में कुल मतदान 31.61 प्रतिशत हुआ जबकि जम्मू क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 68.88 प्रतिशत रहा। एक अधिकारी ने सरपंच के उप-चुनावों को लेकर बताया कि 126 निर्वाचन क्षेत्रों में से 66 में मतदान हुआ था जिसमें 144 पुरुष और 40 महिला उम्मीदवारों सहित कुल 184 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने कहा, “इसमें से 40 सरपंच निर्वाचन क्षेत्र निर्विरोध भरे जा चुके हैं।”

इस दौरान हालांकि एक अप्रिय घटना भी सामने आयी है जहां अनंताग में अपनी पार्टी से कोकरनाग के उम्मीदवार अनीस-उल-इस्लाम पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाने से वह घायल हो गए। इस बीच प्रदेश में कश्मीरी प्रवासियों के लिए महिला कॉलेज गांधीनगर, जम्मू और गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल उधमपुर में विशेष मतदान केंद्र भी बनाये गए। राज्य चुनाव आयोग ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पर आकर अपने मतों को प्रयोग करने की अपील भी की।

गौरतलब है कि प्रदेश में 28 नवंबर से 19 दिसंबर के बीच डीडीसी चुनाव और पंचायत उप-चुनाव आठ चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। मतगणना 22 दिसंबर को होगी।

संबंधित समाचार