Umrao Jaan की स्पेशल स्क्रीनिंग में पहुंचे कई बड़े सितारे, रेखा ने बटोरी सुर्खियां तो आलिया ने चांदनी लुक से लूटी महफिल 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। बॉलीवुड सदाबाहर अभिनेत्री रेखा ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'उमराव जान' की विशेष री-रिलीज़ स्क्रीनिंग में एक बार फिर अपने उमराव जान की अवतार में नज़र आयीं। रेखा ने सफेद सिल्क की साड़ी, गजरा और अपनी वही नज़ाकत भरी अंदाज़ से एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया। उनके इस शाही लुक को देख कर हर कोई मंत्रमुग्ध रह गया।

रेखा के साथ फिल्म उमराव जान के निर्देशक मुजफ्फर अली भी स्क्रीनिंग में मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में एआर रहमान, तब्बू, अनिल कपूर और अन्य लोग शामिल हुए। रेखा फिल्म में अपने चिर परिचित किरदार उमराव जान की याद दिलाते हुए सुनहरे कढ़ाई वाले पारंपरिक सफेद परिधान में सबके आकर्षण का केंद्र बनीं और खूब सुर्खियां बटोरी। एक मजेदार पल में रेखा को अनिल कपूर के साथ नृत्य करते हुए भी देखा गया।

रेखा ने अपनी फिल्म उमराव जान के बारे में कहा, “उमराव जान सिर्फ एक फिल्म नहीं है जिसमें मैंने काम किया है, वह मेरे दिल में रहती है, मेरे माध्यम से सांस लेती है, यहां तक ​​कि आज भी। उस समय हममें से कोई भी इस फिल्म की कालातीतता की कल्पना नहीं कर सकता था, कि यह किस तरह से भारतीय सिनेमा की आत्मा में खुद को उकेर लेगी। इसे बड़े पर्दे पर वापस आते देखना एक पुराने प्रेम पत्र को नयी पीढ़ी द्वारा खोले जाने जैसा है।” 

चांदनी लुक में कहर ढा रही थी आलिया भट्ट 

बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री आलिया भट्ट ने सुपरहिट फिल्म उमराव जान की स्क्रीनिंग के मौके पर सदाबहार अभिनेत्री रेखा की फिल्म सिलसिला के ‘चांदनी’ लुक को पुनः जीवंत कर महफ़िल में चार चांद लगा दिये। आलिया ने गुलाबी साड़ी, सॉफ्ट मेकअप और आकर्षक मुस्कान में अस्सी के दशक की यादें ताजा कर दी। उन्होंने रेखा के फिल्म सिलसिला वाले गुलाबी साड़ी लुक को न सिर्फ दोहराया, बल्कि उसमें अपनी मासूमियत और आत्मविश्वास का तड़का भी लगाया। 

आलिया के इस खास लुक को स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने तैयार किया। रिया कपूर ने सोशल मीडिया पर रेखा के लुक की तस्वीर साझा कर आलिया के इस लुक के पीछे की प्रेरणा के बारे में बताया। गौरतलब है कि फिल्म उमराव जान को राष्ट्रीय फिल्म धरोहर मिशन के तहत 27 जून को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया गया है।

उमराव जान के अंदाज़ में एक बार फिर से नजर आयीं रेखा, बटोरी सुर्खियां   

उल्लेखनीय है कि इस फिल्म में रेखा ने 19वीं सदी के लखनऊ में एक वैश्या-कवयित्री के रूप में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीता है। इस फिल्म में 'दिल चीज़ क्या है' पर उनके शानदार नृत्य प्रदर्शन को आज भी फिल्मप्रेमियों से खूब सराहना मिलती है। 'उमराव जान' एक क्लासिक सदाबहार फिल्म है जिसे दो भागों में रूपांतरित किया गया है।

रेखा अभिनीत 1981 का संस्करण एक सदाबहार क्लासिक फिल्म है और इसने चार राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं। ऐश्वर्या राय बच्चन अभिनीत 2006 का संस्करण दर्शकों द्वारा बहुत पसंद नहीं किया गया था। दोनों फ़िल्में मिर्ज़ा हादी रुसवा के उपन्यास उमराव जान अदा पर आधारित हैं। उमराव जान कई शहरों के चुनिंदा पीवीआर आईनॉक्स सिनेमाघरों में 27 जून से दिखायी जायेगी।

ये भी पढ़े : बड़े बजट के सिनेमा का नया चेहरा: बॉलीवुड की पॉवर लिस्ट में अपनी मजबूत जगह बना चुके हैं अभय वर्मा

 

संबंधित समाचार