अमरोहा: कांवड़ यात्रा से पहले रूट प्लान तैयार...11 से लागू होगा डायवर्जन
गजरौला, अमृत विचार। सावन कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। 14 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है, इसलिए नेशनल हाईवे पर 11 जुलाई की सुबह 8 बजे से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। हाईवे पर निजी बस, डंपर, ट्रक, ट्रैक्टर ट्राली व बड़े माल वाहक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। 14 जुलाई की दोपहर रूट खोल दिया जाएगा।
जबकि एक जुलाई को सावन का द्वितीय सोमवार व 23 जुलाई को शिवरात्रि के 18 जुलाई से रूट डायवर्ट किया जाएगा जो 23 जुलाई की रात आठ बजे तक डायवर्ट रहेगा। इसके बाद रूट खोला जाएगा। इसी तरह हर सोमवार से पहले डायवर्ट रहेगा। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि कांवड़ यात्रा में मुरादाबाद बरेली, रामपुर, संभल, बदायूं और अमरोहा के लाखों श्रद्धालु हरिद्वार व ब्रजघाट से कांवड़ में जल लेकर गंतव्य को लौटते हैं। एक महीने चलने वाली कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों को किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए हाईवे पर वाहनों के चलने की अनुमति नहीं होगी।
इस प्रकार रहेगा रूट डायवर्जन
- रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से डायवर्ट कर बिलारी, मुरादाबाद चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जनपद मुरादाबाद से बाया संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर, सिकंदरा होते हुए गाजियाबाद, दिल्ली को जाएगा।
- चांदपुर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले भारी- हल्के वाहनों को जनपद बिजनौर के जलीलपुर से डायवर्ट कर गांगा पुल से होते हुए हस्तिनापुर, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- नूरपुर, शिवाला कलां, फीना से अमरोहा की ओर आने वाले भारी वाहनों को नौगावा सादात, अमरोहा की तरफ नहीं भेजा जाए।
- संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। कोई भी मालवाहक वाहन गवां की तरफ से हसनपुर नहीं आने दिया जाएगा।
- अमरोहा से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी हल्के वाहनों को शिवाला कलां, नूरपुर, बिजनौर, मेरठ, मवाना, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- गजरौला चौपला से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गजरौला, हसनपुर, रहरा, गवां, अनुपशहर से बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- हसनपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- दिल्ली-गाजियाबाद से बरेली, लखनऊ जाने वाले वाहनों को लालकुआं की ओर मोडकर दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, ननौरा, गुन्नौर, सहसवान, बदायूं होते हुए भेजा जाएगा।
- मेरठ से मुरादाबाद से बरेली, लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को बिजनौर, धामपुर, स्यौहारा, कांठ, मुरादाबाद होते हुए मुरादाबाद, बरेली भेजा जाएगा।
