देहरादून: पहले मोदी, अब देश का विरोध कर रही कांग्रेस- जेपी नड्डा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा का कहना है कि कांग्रेस ने पहले प्रधानमंत्री मोदी का विरोध किया और अब मोदी विरोध से वह देश के विरोध तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का समर्थन करने वाले नेता कांग्रेस में मौजूद हैं और कश्मीर में चीन की मदद से …

अमृत विचार, देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा का कहना है कि कांग्रेस ने पहले प्रधानमंत्री मोदी का विरोध किया और अब मोदी विरोध से वह देश के विरोध तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का समर्थन करने वाले नेता कांग्रेस में मौजूद हैं और कश्मीर में चीन की मदद से धारा 370 वापस लाने की धमकी देने वालों का भी कांग्रेसी नेताओं ने समर्थन किया है।
अपने चार दिनी उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन पार्टी अध्यक्ष शनिवार को राजधानी पहुंचे।

इस दौरान आईआरडीटी सभागार, सर्वे चौक में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश को नेस्तनाबूद करने वालों की बात करने वाले, विकास विरोधी तमाम इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में एक हो गए। मोदी विरोध का हाल ऐसा कि कांग्रेसी नेता शशि थरूर पाकिस्तान की भलाई की बातें करने लगे। बिहार चुनाव में सारे दलों ने एक होकर मोदी विरोध की बातें कहीं और देश को तोड़ने वाले बयान देने वालों का समर्थन करते रहे। मगर जनता ने उनकी एक नहीं सुनी और विकासवाद की बात करने वाली भाजपा ने बिहार में अपना परचम लहराया।

कहा कि बिहार में लालू राज के दौरान टाटा के शो-रूम लूटे गए तो बयान आए कि एक गाड़ी अगर टाटा की चली गई तो क्या हुआ। ऐसे रक्षक ही भक्षक बन गए तो बिहार गुंडाराज का गढ़ बन गया, मगर अब वहां की स्थिति बिलकुल विपरीत है। नड्डा ने कहा कि मोदी के लाकडाउन का विरोध करने वाले भूल गए कि अमेरिका, फ्रांस, इटली जैसे स्वास्थ्य के मामले में हमसे कहीं आगे रहे देशों का हाल कोरोना में क्या हुआ। मोदी ने पहले ‘जान है तो जहान है’ का नारा देते हुए लाकडाउन किया और अब ‘जान भी जहान भी’ का नारा देते हुए देश फिर से सामान्य होने की स्थिति में आ चुका है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का परिवारवाद से कोई नाता नहीं है जबकि कांग्रेस समेत तमाम राज्यों में दलों का मतलब ही परिवार से है। यूपी, बिहार समेत तमाम राज्यों में परिवार ही अब तक सत्ता चला रहे थे। उन्होंने मंच पर बैठे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, प्रदेश प्रभारी दुष्यमंत गौतम समेत तमाम भाजपा नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि इनमें से हर एक परिवार नहीं बल्कि भाजपा संगठन के बूते यहां तक पहुंचा है।

बूथ अध्यक्ष से ऊपर के पदाधिकारियों के साथ बैठक आज

अपने उत्तराखंड प्रवास के तीसरे दिन रविवार को भाजपा अध्यक्ष नड्डा सुबह राष्ट्रीय स्वयं संघ पदाधिकारियों से मिलेंगे। इसके बाद कार्यालय एवं पार्टी विभागों की समीक्षा होगी जिसमें राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, सभी प्रदेश महामंत्री, सभी विभागों के प्रमुख शामिल रहेंगे। दोपहर दो बजे बाद उनका बूथ समिति की बैठक का कार्यक्रम है। आज ही उनकी सोशल मीडिया वालंटियर के साथ भी बैठक होगी।

संबंधित समाचार