केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के पिता कुंवर आनंद सिंह का निधन, यूपी टाइगर कहे जाते थे अन्नू भैया

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मनकापुर रियासत के राजा थे कुंवर आनंद, चार बार सांसद व प्रदेश के कृषि मंत्री भी रहे

गोंडा, अमृत विचार: केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के पिता व मनकापुर रियासत के राजा कुंवर आनंद सिंह उर्फ अन्नू भैया का रविवार की देर रात लखनऊ में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। वह अपने लखनऊ स्थित आवास पर रह रहे थे। रविवार की रात उनकी तबीयत‌ अचानक बिगड़ गयी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। देश की राजनीति में वह यूपी टाइगर के नाम से जाने जाते थे। कांग्रेस के टिकट पर वह चार बार सांसद और प्रदेश की अखिलेश सरकार में वह कृषि मंत्री भी रहे। कुंवर आनंद सिंह के निधन की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गयी है। पिता के निधन की खबर पाकर विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह लखनऊ पहुंच गए हैं। उनका पार्थिव शरीर लखनऊ से मनकापुर लाया जा रहा है जहां समर्थक उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा। कुंवर आनंद सिंह के निधन पर जिले के जन प्रतिनिधियों समेत अनेक जानी मानी हस्तियों ने गहरा शोक जताया है।  

कुंवर आनंद सिंह का जन्म 4 जनवरी 1939 को हुआ था। मनकापुर रियासत की बागडोर संभालने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। रियासत के राजा कहे जाने वाले कुंवर आनंद सिंह की जिले की राजनीति में तूती बोलती थी। उन्हें यूपी टाइगर के नाम से भी जाना जाता था। वह गोंडा संसदीय सीट से कांग्रेस के टिकट पर चार बार सांसद रहे। हालांकि वर्ष 1996 में उनका कांग्रेस से मोहभंग हो गया और वह समाजवादी पार्टी में चले गए। वर्ष 2012 में उन्होने सपा के टिकट पर गौरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधायक बने। अखिलेश सरकार में वह कृषि मंत्री भी रहे। वर्ष 2017 के बाद उन्होंने राजनीति से सन्यास ले लिया था और अब वह राजनीति से दूर थे। वर्तमान में उनके बेटे कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा संसदीय सीट से भाजपा सांसद और केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री हैं।

यह भी पढ़ेः UP Monsoon: पश्चिमी यूपी के 16 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, जानें कब सुहाना होगा लखनऊ में मौसम

संबंधित समाचार