Bareilly: लड़कियों पर नोट लुटाने के विवाद में फायरिंग...दूल्हा बनाया गया बंधक, लड़की का शादी से भी इन्कार
बरेली, अमृत विचार। क्योलड़िया के गांव मधुनगला में डीजे पर डांस कर रही महिलाओं पर नोट लुटाने का मामला इतना बढ़ा कि लड़के पक्ष के लोगों ने मैरिज हॉल में फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसके बाद लड़की पक्ष ने दूल्हा और बरातियों को बंधक बना लिया गया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे के पिता को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल गांव मधु नगला के पूरनलाल कि बेटी नीलम की बारात 8 जुलाई ( मंगलवार ) को थाना बीसलपुर के भीमसेन के बेटे सत्यवीर से होनी थी। बरात क्योलाड़िया के एक मैरिज हॉल में पहुंची तो लड़की पक्ष की तरफ से बरातियों के लिए नाश्ता-खाने का इंतजाम किया गया था। हॉल में लगे डीजे पर लड़की पक्ष की महिलाएं और लड़कियां डांस कर रहीं थीं। तभी लड़के पक्ष के कुछ युवकों ने लड़कियों पर रुपए उड़ाने शुरू कर दिए। जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई लेकिन मामला शांत करा दिया गया।
थोड़ी देर बाद दूल्हे का बहनोई ज्ञानी एक गाड़ी पर लाठी डंडो और तमंचों से लैस दर्जन भर बदमाश लेकर मैरिज हॉल गया। बदमाशों ने लड़की की मां सोमवती और दो भाइयों को दबोच कर गाली गलौज व मारपीट की। जिसमें मां और भाईयों को चोट आई। बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर जमकर उत्पात मचाया। फायरिंग की आवाज सुन लड़की पक्ष में हड़कंप गया।
हंगामा होता देख लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा और उसके फूफा समेत दूसरे बारातियों को बंधक बना लिया। जिसके बाद लड़का पक्ष के लोग विवाह को राजी हो गए लेकिन लड़की पक्ष ने शादी से किया इन्कार कर दिया। लड़की के पिता ने नामजद तहरीर दी। लिहाजा पुलिस ने दूल्हे के पिता को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया था।
