मुरादाबाद: सस्ते दाम में जमीन दिलाने के बहाने अधिवक्ता से 15 लाख ठगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। सस्ते दामों में जमीन दिलवाने के नाम पर 15 लाख रुपए ठग लिए। लंबा वक्त बीतने के बाद भी न तो जमीन दिलवाई और न ही रकम वापस की। अधिवक्ता की शिकायत पर सिविल लाइंस कोतवाली में आठ के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी …

मुरादाबाद,अमृत विचार। सस्ते दामों में जमीन दिलवाने के नाम पर 15 लाख रुपए ठग लिए। लंबा वक्त बीतने के बाद भी न तो जमीन दिलवाई और न ही रकम वापस की। अधिवक्ता की शिकायत पर सिविल लाइंस कोतवाली में आठ के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी आबिद हुसैन अधिवक्ता है। उन्होंने एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा कि मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम भायपुर निवासी नदीम, राशिद और योगेश कुमार से उनकी जान-पहचान है। उन्होंने मूंढापांडे क्षेत्र में सस्ती जमीन दिलवाने का आश्वासन दिया। उनका कहना था कि जमीन परीचित की है, रुपयों की जरूरत होने के कारण कम दामों में बेच रहा है। आबिद हुसैन के अनुसार उन्होंने जमीन भी दिखवाई। पसंद आने पर 30 लाख में सौदा तय हुआ। जिस पर बयाने के तौर पर उन्होंने 15 लाख रुपए दे दिए।

शेष रकम जमीन का बैनामा होने के बाद देने की बात तय हुई। बताते हैं कि लंबा वक्त बीतने के बाद भी उन्होंने जमीन को उनके नाम नहीं करवाया। दवाब देने पर जल्द बैनामा कराने का आश्वासन देकर टरकाने लगे। आरोप है कि बाद में सभी ने रकम देने से मना कर दिया। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस कोतवाली में नदीम, राशिद व योगेश के अलावा सहारनपुर निवासी आलिम, ग्राम बूजपुर निवासी कमल सिंह व रामपुर के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के आगापुर निवासी राजू यादव व मुकेश कुमार समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

संबंधित समाचार