लखीमपुर खीरी: लकड़कट्टों और वनकर्मियों का गठजोड़ तोड़ पाना कठिन
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। दुधवा नेशनल पार्क की बेलरायां वनरेंज के कुछ कर्मचारियों और लकड़कट्टों के बीच चला आ रहा गठजोड़ बेशकीमती पेड़ों पर भारी पड़ रहा है। लकड़कट्टे वेश कीमती पेड़ों का चोरी छुपे कटान कर लकड़ी दूसरे जिलों और महानगरों को भेजते हैं। वन अफसरों के लिए यह गठजोड़ तोड़ पाना आसान नहीं है।
दुधवा नेशनल पार्क की बेलरायां रेंज क्षेत्र में बेशकीमती साल और सागौन की लकड़ी का अवैध कटान लंबे समय से चल रहा है। वन विभाग के अफसर स्थानीय कुछ कर्मचारियों की संलिप्ता के कारण इसे रोक पाने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। बेलरायां वन रेंज के दुधवा गेट से लेकर वन चौकी भैरमपुर क्षेत्र में लकड़ी का कटान जोरों पर होता है। बताते हैं लकड़ी माफिया काटकर लाई गई लकड़ी को लखीमपुर शहर के साथ ही बहराइच, लखनऊ, सीतापुर, बरेली आदि जगह ले जाकर महंगे दामों पर बिक्री करते चले आ रहे हैं। लकड़कट्टों और कुछ वन कर्मचारियों का गठजोड़ इस कदर हावी है कि आला अफसर सूचना पर कोई कार्रवाई की योजना बनाते हैं तो इसकी भनक पहले ही लकड़कट्टों को लग जाती है।
भैरमपुर में लकड़ी बरामदगी में केस दर्ज, एक गिरफ्तार
बुधवार को दुधवा नेशनल पार्क के प्रभागीय वनाधिकारी बेलरायां दीपक कुमार पाण्डेय ने छापा मारकर खेत से बड़ी संख्या में जंगल से काटकर लाए गए सागौन के बोटे बरामद किए थे। बेलरायां पार्क रेंज में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर वन विभाग ने गांव भैरमपुर निवासी मिश्री लाल चौहान को गिरफ्तार किया है।
दुधवा नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर -जगदीश आर ने बताया कि लकड़ी बरामद होने के मामले में बेलरायां वन रेंज कार्यालय पर केस दर्ज कर भैरमपुर निवासी आरोपी मिश्रीलाल निवासी भैरमपुर को गिरफ्तार किया है। प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच चल रही है। अगर की विभागीय कर्मचारी की संलिप्ता मिलती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
