जाल में फंसा महिला से दुष्कर्म, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, कैसरबाग कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: अलगाव के चलते पति से अलग रह रही महिला को खुद को अधिवक्ता बता शुभम शुक्ला ने जाल में फंसाया। शादी का प्रस्ताव देकर रहने का आशियाना दिलाया। उसके बाद दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। नकदी व आईफोन भी ऐंठ लिया। मंसूबों को भांप पीड़िता परिवार के पास वापस गयी तो आरोपी ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। विरोध पर मारपीट करते हुए पांच दिन पूर्व अप्राकृतिक दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। कैसरबाग पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में रहने वाली 40 वर्षीय महिला की शादी करीब 21 साल पूर्व हुई थी। पीड़िता ने बताया कि 2023 में पुराना आरटीओ निवासी शुभम शुक्ला से मुलाकात हुई। दोस्ती होने के बाद आरोपी ने पति को तलाक देकर शादी का प्रस्ताव दिया। आरोपी की बातों में फंसकर पीड़िता ने पति से तलाक की बात कहते हुए अक्टूबर 2024 में घर छोड़ दिया और शुभम के बताए मकान में रहने लगी।

पीड़िता ने बताया कि शुभम अक्सर मिलने आता और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता। यही नहीं उसने पीड़िता से 10 हजार रुपये और 78 हजार का आईफोन भी खरीदवा लिया। आरोप है कि आरोपी ने कई बार दुष्कर्म करते हुए उसके कई वीडियो भी बनाए। आरोपी को इरादों को भांप पीड़िता परिवार के पास वापस आ गयी।

यह देख आरोपी उसे व 20 साल की बेटी को धमकाने लगा। पीड़िता घर छोड़कर गोमतीनगर में किराए पर रहने लगी। जानकारी होने पर शुभम अक्सर वहां आता और सड़क पर खड़े होकर हंगामा करता। आरोपी ने फोन कर संबंध बनाने और रुपयों की मांग की। 13 जुलाई को पीड़िता के टोकने पर उसे पीटा और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। 14 जुलाई को शुभम शराब के नशे में घर में घुस गया। अप्राकृतिक दुष्कर्म करने के साथ ही मोबाइल पर वीडियो बनाया। पीड़िता की शिकायत पर कैसरबाग पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ेः गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार एंबुलेंस ने कांवड़ियों को रौंदा, दो की मौत, तीन की हालत गंभीर 

संबंधित समाचार