मुख्यमंत्री योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, दूधेश्वर नाथ मंदिर में किये दर्शन पूजन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मुजफ्फरनगर/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों का मुजफ्फरनगर के शिवचौक में हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी ने गाजियाबाद के दूधेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन भी किये।

व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल सहित कई लोगों ने योगी की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।  हजारों श्रद्धालु शिव चौक पर परिक्रमा करने के बाद अपने घरों की ओर रवाना हुए। जिला प्रशासन ने 23 जुलाई को समाप्त होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग और गंग नहर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की हुई है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी ने कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपने दौरे के तहत गाजियाबाद स्थित प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर में पूजा की। मंदिर के मुख्य पुजारी महंत नारायण गिरि ने पत्रकारों को बताया कि भगवान शिव को गंगा जल अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने मार्ग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को किसी भी बाधा को दूर करने के निर्देश दिए।  

सहारनपुर में हेलीकाप्टर से कांवडियों पर पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हेलीकाप्टर से शिव भक्तों कांवडियो पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निर्देशों के क्रम में प्रशासन और पुलिस की ओर से मंडलायुक्त अटल कुमार राय एवं पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने हेलीकॉप्टर से शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर शिवभक्तों का स्वागत किया।

हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन सहारनपुर से प्रस्थान कर पुष्प वर्षा करते हुए अंबेडकर चौक, देहरादून चौक, घंटाघर, कुतुबशेर चौक, कल्पना तिराहा, नकुड तिराहा, सरसावा बाईपास पर पहुंचा। उन्होंने साथ ही निर्देश भी दिये कि जनपद के सभी शिवालयों में साफ-सफाई के साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता इंतेजाम रखे जाएं ताकि जल चढाते वक्त किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

परम्परा के अनुसार सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित, सुरक्षित एवं सफल बनाना सभी का उत्तरदायित्व है। इस अवसर पर अलग-अलग राज्यों को जा रहे शिवभक्तों का अभिवादन कर उनकी पवित्र कांवड यात्रा के सकुशल सम्पन्न होने की कामना की। गौरतलब है कि जिला प्रशासन कांवड यात्रा शुरू होने के पहले दिन से ही शिवभक्त कांवडियों की सुरक्षा के साथ ही उन्हे हर प्रकार की आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुस्तैद रहा।

जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी द्वारा स्वयं प्रतिदिन कांवड मार्गों एवं शिविरों का निरीक्षण भी किया गया। इसी का परिणाम है कि विभिन्न राज्यों से आने एवं जाने वाले शिवभक्तों ने शासन एवं प्रशासन द्वारा की गयी व्यवस्था की सराहना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी यातायात सिद्धार्थ वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार उपस्थित थे। 

संबंधित समाचार