Bareilly: हर पार्षद के इलाके में होंगे 50- 50 लाख के विकास कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महापौर डा. उमेश गौतम ने मंगलवार को निर्माण विभाग के इंजीनियरों के साथ समीक्षा बैठक की। महापौर ने इंजीनियरों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी हाल में तय समय में कार्य पूरे होने चाहिए। पार्षदों की मांग को पूरा करने के लिए हम सभी को तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में 50-50 लाख रुपये के कार्य होने हैं। बारिश के पहले टेंडर हो जाएं ताकि सितंबर माह में 40 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और नालियों का कार्य समय से शुरू किए जा सकें।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने दोपहर में अपने कक्ष में मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, अधिशासी अभियंता राजीव राठी सहित सभी इंजीनियरों के साथ प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सबसे पहले प्रत्येक वार्ड में होने वाले 50-50 लाख रुपये के कामों के बारे में विस्तार से चर्चा की और इसके लिए निर्देश दिए। पार्षदों द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर महापौर ने कहा कि सूची तैयार कर लें और प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएं। 

इन कार्यों को न अटकाया जाए क्योंकि पार्षदों के कार्य सीधे जनसुविधा से जुड़े होते हैं। बारिश से पहले टेंडर कराकर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएं ताकि हर हाल में 10 सितंबर के पहले निर्माण कार्याें को शुरू कराया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसी फर्मों को टेंडर से दूर रखा जाए जो काम लेने के बाद लापरवाही करती हैं। जो फर्में कार्य अधूरे छोड़ कर गायब हो जाती हैं और मानक की अनदेखी करती हैं, उन्हें टेंडर प्रक्रिया में शामिल करने की जगह ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई जाए। ताकि उनके वजह से नगर निगम की छवि धूमल न हो।


एनकैप, 15वें वित्त आयोग के कार्याें की मांगी रिपोर्ट
बरेली: 15 वें वित्त और राष्ट्रीय वायु प्रदूषण नियंत्रण (एनकैप) के तहत कराए जा रहे और पूर्ण हो चुके कार्याें की भी समीक्षा करते हुए कहा कि इनकी रिपोर्ट उन्हें भी उपलब्ध कराई जाए। ताकि इनकी वास्तविक स्थित के बारे में पता चल सके कि धरातल पर कितना काम अभी तक हुआ है। 15वें वित्त आयोग के तहत होने वाले स्वीकृत जो शुरू नहीं हुए हैं या अधूरे हैं, उनको पूरा कराया जाए। ताकि लोगों की दिक्कतें दूर हो सकें।

 

संबंधित समाचार