बदायूं : काम के दौरान सिर पर गिरी ईंट, मजदूर की मौत
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव भसराला में हुआ था हादसा
बदायूं, अमृत विचार। निर्माणाधीन मकान पर काम करने के दौरान एक मजदूर के सिर पर ईंट गिर गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मजदूर को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव कुपरी निवासी नीरज (34) मजदूरी करते थे। वह क्षेत्र के गांव भसराला में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे थे। जहां सीमेंट से गारा बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान नीरज के ऊपर अचानक एक ईंट गिर गई। वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथी मजदूर गांव के चिकित्सक के पास ले गए लेकिन घायल को आराम नहीं मिला। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। मजदूरों की सूचना पर मृतक के परिजन पहुंचे। परिजनों ने बताया कि नीरज मजदूरी करके परिवार का पोषण करते थे लेकिन खराब मौसम की वजह से कुछ दिनों से उन्हें काम नहीं मिल रहा था। गुरुवार किसी तरह काम मिला था।
ये भी पढ़ें - बदायूं: हत्या करने के दो आरोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद करके भेजा जेल
