UP : खौफनाक...बाप के साथ सो रहे मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, सुबह अधखाया शव मिलने से कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली की पुलिस चौकी महेवागंज के गांव ज्ञानपुर में शनिवार की रात अपने पिता के साथ सो रहे छह साल के बच्चे को तेंदुआ चारपाई से उठा ले गया और उसे अपना निवाला बना डाला। बच्चे का अधखाया शव गन्ने के खेत में बरामद हुआ है।

सदर कोतवाली गांव ज्ञानपुर निवासी सुशील ने बताया कि शनिवार रात उनका छह साल का पुत्र बादल (6) उनके साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। रात करीब 12 बजे अचानक आया तेंदुआ बच्चे को उठा ले गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर सुशील की आंख खुली तो उनकी नजर बच्चे को ले जा रहे तेंदुए पर पड़ी। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाते हुए तेंदुए का पीछा किया। शोर पर तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और तेंदुए की खोजबीन की, लेकिन तेंदुआ किसी गन्ने के खेत में घुस गया। ग्रामीणों ने रातभर बच्चे की खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह घर से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में बादल का अधखाया शव बरामद हुआ। 

शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की रूह कांप गई। ग्रामीणों का आरोप है कि शनिवार की शाम तेंदुआ देखा गया था। इसकी सूचना भी वन विभाग को शनिवार रात ही दी गई थी, लेकिन वन विभाग ने कोई कदम नहीं उठाए। वन विभाग रात में कांबिंग करता तो शायद बादल की जान नहीं जाती। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

रविवार की शाम पोसटमार्टम के बाद शव जब गांव  लाया गया तो लोग आक्रोशित हो गए और परिवार को आर्थिक मदद देने सहित कई मांगों को लेकर सड़क जाम कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस और वनअधिकारी लोगों को मनाने में जुटे हैं। अंदेशनगर वन दारोगा कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना का जानकारी होने पर रात में ही कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण तेंदुए की कोई लोकेशन नहीं मिली। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।

संबंधित समाचार