बरेली: मिट्टी के बर्तनों से कुपोषण दूर भगाएगी योगी सरकार
बरेली, अमृत विचार। कुपोषण से जंग लड़ने के लिए योगी सरकार लोगों से मिट्टी के बर्तन इस्तेमाल करने की अपील करेगी। इसके लिए माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना प्रस्ताव बनाकर दिया है। जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए यूनिट बनाने का काम शुरू …
बरेली, अमृत विचार। कुपोषण से जंग लड़ने के लिए योगी सरकार लोगों से मिट्टी के बर्तन इस्तेमाल करने की अपील करेगी। इसके लिए माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना प्रस्ताव बनाकर दिया है। जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए यूनिट बनाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष ने जिलाधिकारियों से जमीन मुहैया कराकर शासन को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
अतीत के पन्नों में सिमटती जा रही माटी कला को प्रदेश में जीवंत करने के प्रयास तेज हो गए हैं। प्लास्टिक की रोकथाम और माटी कला को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में यूनिट लगाकर मिट्टी के बर्तन तैयार किए जाएंगे। माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ने इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री को अपनी रिपोर्ट सौंपी है। मुख्यमंत्री ने भी माटीकला से जुड़े कारीगरों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।
अध्यक्ष धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि कोरोना काल में प्लास्टिक का चलन फिर से बढ़ गया है। उनका कहना है कि जैसे की योगा करने से शरीर को स्वास्थ्य रखा जा सकता है, वैसे ही मिट्टी से बने बर्तनों का इस्तेमाल करने से सांस, कुपोषण और ब्लड प्रेशर जैसे बीमारियों से बचा जा सकता है। जयपुर में मिट्टी के जग का निर्माण किया गया है। एक जग में चार हजार लीटर पानी फिल्टर कर सकते हैं। वहीं मिट्टी के पानी से कुपोषण की जंग भी लड़ी जा सकती है।
मिट्टी का बर्तन बनाने वाले कारीगरों का हो रहा सर्वे
माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष की पहल पर अब सरकार मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कारीगरों की तलाश कर रही है। उनका सर्वे हो रहा है। इससे पहचान होगी कि इस कला में कौन-कौन लोग जुड़े हैं। सर्वे में हम यह भी जानकारी कर रहे हैं कि उनके पास मिट्टी बनाने का कोई इंतजाम है या नहीं है। अगर नहीं है तो उन्हें सबसे पहले पट्टा दिलाया जाएगा। इसके साथ ही कुम्हारों को मिट्टी खनन के पट्टे देने के साथ ही उनको प्रशिक्षित करने का कार्य किया जाएगा। आने वाले समय में कुम्हारों को टूलकिट भी प्रदान किया जाएगी। इसके अलावा कुम्हारों के उत्पादों की मार्केटिंग में सरकार पूरा सहयोग करेगी।
मिट्टी से बने बर्तन उपयोग करने पर दिया जोर
माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष धर्मवीर प्रजापति ने जनपद में माटीकला से जुड़े कामगारों को आवंटित पट्टों की वस्तु स्थिति उनकी संख्या तथा उन पर हुए अवैध कब्जों को लेकर समीक्षा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री माटीकला योजना के अंतर्गत प्रजापति समाज के लोगों को अधिक से अधिक जोड़ कर योजना से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपील की है कि माटी से बने बर्तनों का प्रयोग करें और दूसरे लोगों को भी माटीकला के बने बर्तनों का प्रयोग करने हेतु बढ़ावा दें।
रामपुर के डीएम की पहल को बताया अच्छा
मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल करने के लिए माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि कुछ जिलाधिकारी सरकार की सोच से भी आगे चलते है। उन्होंने रामपुर के जिलाधिकारी की पहल का उदाहरण देते हुए बताया कि दिवाली के मौके पर रामपुर के जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने खुद मिट्टी के दिए खरीदकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर लोगों से भी अपील करते हुए कहा था कि वह भी मिट्टी से ही बने दिए खरीदें। सभी जिलों के डीएम को चाहिए कि वह जनता को मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करें।
जयुपर में हुई एक रिसर्च में सामने आया है कि मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल करने से कुपोषण सहित कई अन्य बीमारियों से बचा जा सकता है। इसके के लिए अब हर जिले में मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए यूनिट को खोला जाएगा। -धर्मवीर प्रजापति, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष
