रामपुर : मंदिर के पास कूड़ा डालने के विवाद में ग्रामीण की पीटकर हत्या
मिलक थाना क्षेत्र के गांव क्योरार की घटना, तीन पर रिपोर्ट दर्ज
मिलक, अमृत विचार: मिलक के गांव क्योरार में बुधवार को मंदिर के आगे कूड़ा डालने के विरोध में ग्रामीण की तीन लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने राम रक्षपाल, राजकुमार और युवती विशम्बरि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
क्योरार गांव निवासी 50 वर्षीय राम सिंह रोजाना की तरह बुधवार सुबह 6 बजे मंदिर के बाहर झांड़ू लगा रहे थे। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले राम रक्षपाल ने मंदिर के पास कूड़ा डाल दिया। जिसका विरोध राम सिंह ने कर दिया। उसके बाद पूरा परिवार लाठी डंडे लेकर आ गया। राम सिंह से गाली-गलौज कर दी। उसके विरोध करने पर आरोपियों ने उसको लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी मिलने के बाद गांव के लोगों को आता देखकर आरोपी मौका फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस आ गई। गंभीर हालत में ग्रामीण को लोग अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक के बेटे की ओर से पुलिस को तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने दो सगे भाई राम रक्षपाल, राजकुमार और उनकी बहन विशम्बरि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिलक कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच जारी है।
दिनदहाड़े हत्या से दहले लोग
दिनदहाड़े ग्रामीण की पीट पीटकर हुई हत्या से लोग सहम गए। काफी समय तक मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र रही। पुलिस ने भीड़ को आकर हटाया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। राम सिंह ने अपने पीछे दो लड़के और दो लड़कियों को छोड़ा है। हालांकि चारों की शादी हो गई है। इस घटना के बाद मृतक के घर पर लोगों का तांता लगा रहा।
