Bareilly: नाथ मंदिरों की महिमा पर बनेगी डाक्युमेंट्री...ट्रेलर देख मुस्कुराए सीएम, अफसरों को सराहा
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने बरेली विकास प्राधिकरण की योजनाओं के मॉडल देखकर उनके कार्यों को सराहा। रुद्रा वनम् के शिलान्यास के दौरान इसमें भगवान शिव की कांस्य प्रतिमा स्थापित करने की जानकारी दी गई। इस दौरान शिव महिमा पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। फिल्म नाथ संप्रदाय की परंपरा पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए इसकी सराहना की।
मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट नाथ कॉरिडोर को लेकर अफसर काफी गंभीर है। वह महाभारतकालीन सातों नाथ मंदिरों के विकास के साथ विरासत को सजोने में जुटे हैं। बीडीए के प्रोजेक्ट भगवान शिव को समर्पित रुद्रा वनम् का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया। बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन ए. ने मुख्यमंत्री को प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया की रुद्र वनम् में भगवान शिव की कांस्य की प्रतिमा स्थापित होगी। इसके अलावा रंग बिरंगी लाइट के साथ म्यूजिकल फाउंटेन लगेगा। इसमें भगवान शिव के मंत्र जाप की धुन गूंजेगी।
नाथ नगरी के मंदिरों पर बनेगी डॉक्यूमेंट्री
बीडीए की योजना है कि नाथ कॉरिडोर से लेकर सेंट्रल पार्क, रामायण वाटिका, रुद्रा वनम् पर आधारित डॉक्यूमेंट्री बनाई जाएगी, इसका ट्रेलर सीएम को दिखाया गया। बताया गया कि मानसरोवर नाम से सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है। यहां पर लोग पिकनिक के साथ ही बोटिंग का भी लुत्फ उठा सकेंगे। साथ ही नाथ मंदिरों पर आधारित लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पूरी योजना की समीक्षा करते हुए रुद्रा वनम् की योजना की सराहना की गई और काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। रामगंगा नगर आवासीय योजना में स्थापित किए गए गुरु गोरखनाथ चौराहे के बारे में भी जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। सीएम ने अधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्रदेश को विरासत सजोने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
