भारत के रमेश बुधियाल ने रचा इतिहास, एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
नई दिल्लीः चेन्नई में आयोजित एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप में भारत के रमेश बुधियाल ने पुरुष ओपन वर्ग में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पहले भारतीय सर्फर बन गए हैं।
पदक दौर में पहुंचने वाले पहले भारतीय
रमेश बुधियाल ने शनिवार को इस चैंपियनशिप के पदक दौर में प्रवेश कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। फाइनल में उन्होंने 12.60 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इस वर्ग में कोरिया के कनोआ हीजे ने 15.17 अंकों के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि इंडोनेशिया के पजार एरियाना ने 14.57 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
महिला ओपन वर्ग में जापान का दबदबा
महिला ओपन वर्ग में जापान की अनरी मात्सुनो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14.90 अंकों के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी हमवतन सुमोमो सातो ने 13.70 अंकों के साथ रजत पदक प्राप्त किया। थाईलैंड की इसाबेल हिग्स ने 11.76 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
अंडर-18 वर्ग में भी रोमांचक मुकाबला
अंडर-18 बालक वर्ग में कोरिया के कनोआ हीजे ने 14.33 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। चीन के शिदोंग वू ने 13.10 अंकों के साथ रजत और शुलोउ जियांग ने 8 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
लड़कियों के अंडर-18 वर्ग में चीन की बादशाहत
लड़कियों के अंडर-18 वर्ग में चीन की सिकी यांग ने 14.50 अंकों के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी हमवतन शुहान जिन ने 10.33 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि थाईलैंड की इसाबेल ने 8.10 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया। रमेश बुधियाल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारतीय सर्फिंग को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।
यह भी पढ़ेंः Asia Rugby Under-20 Championship: यूएई को हराकर भारतीय टीम ने रचा इतिहास..., सेमीफाइनल में पहुंची महिला टीम
