UP: प्रेमी और प्रेमिका के शव एक साथ फंदे पेड़ पर लड़के मिले...दोनों परिवारों में मचा कोहराम
बदायूं, अमृत विचार। हजरतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह युवक और किशोरी के शव पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों का एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़का बालिग और लड़की नाबालिग है। दोनों के परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने एसपी सिटी विजेंद्र द्विवेदी के साथ मौका मुआयना किया। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
गांव निवासी महिला पति से विवाद के बाद मायके में रह रही थी। उसके 22 साल के बेटे अर्जुन का गांव की एक नाबालिग लड़की से एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार रात लगभग 12 बजे लड़की अपने घर से लापता हो गई। परिजनों को जानकारी होते ही वह लड़के के घर पहुंचे और बेटी के बारे में जानकारी की। पता चला कि लड़का भी अपने घर पर नहीं था। परिजनों ने लड़के पर बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगाया। परिजनों ने रात भर दोनों को तलाश किया, लेकिन कही भी पता नहीं चला।
सोमवार सुबह उन्हें घर के पास कुछ दूरी पर एक लड़का और एक लड़की के शव पेड़ पर एक ही फंदे पर रस्सी और दुपट्टा से लटके होने की सूचना मिली। ग्रामीणों के परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव अर्जुन और किशोरी के थे। यह देखकर परिजनों ने एक दूसरे पर हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर हजरतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी ने गांव पहुंचकर परिजन और ग्रामीणों से बात की। शवों को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव में पुलिस तैनात की गई है।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को पेड़ पर दो शव लटके होने की सूचना मिली थी। पुलिस गांव पहुंची। लड़की रात 12 बजे घर से गायब हो गई थी। उसके परिजन लड़के के घर गए थे। रात में तलाश करने के बाद भी पता नहीं चला था। सुबह शव मिले। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच कराई जा रही है।
