फतेहपुर मकबरा हिंसा : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का बड़ा आरोप, भाजपा के दबाव में फतेहपुर पुलिस प्रशासन
लखनऊ, अमृत विचार। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाते हुए कहा कि फतेहपुर में मकबरे में तोड़फोड़ की घटना पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन भाजपा के दबाव में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि फतेहपुर में मकबरे पर तोड़फोड़ के बाद तनाव फैल गया है। हिंदू संगठनों के जरिये मकबरे को मंदिर बताकर पूजा-अर्चना की कोशिश की गई, इसके बाद स्थिति बिगड़ी।
फतेहपुर हिंसा को राज्य सरकार की लापरवाही बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश का फतेहपुर दोआब के नाम से जाना जाता है। फतेहपुर गंगा-जमुनी तहजीब के लिए देश भर में मशहूर है। 1992 में बाबरी विध्वंस के दौरान जब पूरा देश हिंदू मुसलमान के नाम पर लड़ रहा था, तब भी फतेहपुर ने अपनी गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखा था। अब भाजपा के नेताओं ने सत्ता की हनक और पुलिस के संरक्षण के दम पर उसी फतेहपुर की गंगा-जमुनी तहजीब पर एक दंश लगाने का काम किया है।
ये भी पढ़े : Independence Day: राजधानी में बदली रहेगी तीन दिन यातायात व्यवस्था, आज व कल रिहर्सल इन रास्तों पर रहेगी रोक
