Hajj Yatra 2026: आज खुलेगी हज यात्रा के लिए लॉटरी, जानें कुर्राह क्या है और कैसे चेक कर सकते हैं नाम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः हज 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। अब भारतीय हज समिति हज यात्रियों की अंतिम सूची तैयार करने के लिए कुर्राह (लॉटरी) आयोजित करने जा रही है। इस कुर्राह के जरिए उन तीर्थयात्रियों का चयन होगा जो 2026 में हज यात्रा पर जाएंगे। हज 2026 की संभावित तारीखें 24 से 29 मई, 2026 हैं, लेकिन अंतिम तारीखों की पुष्टि ज़ुल हिज्जा 1447 हिजरी के चांद के दिखने के बाद होगी।

कुर्राह क्या है?

कुर्राह या लॉटरी तब आयोजित की जाती है जब हज समिति को मिलने वाले आवेदनों की संख्या भारत के लिए निर्धारित हज कोटे से अधिक होती है। सऊदी अरब प्रत्येक देश की मुस्लिम आबादी के आधार पर हज कोटा आवंटित करता है। भारत और सऊदी अरब के बीच हुए हज समझौते के तहत, 2026 में भारत से 1,75,025 तीर्थयात्री हज पर जाएंगे। इनमें से लगभग 70% भारतीय हज समिति के माध्यम से और 30% निजी टूर ऑपरेटरों या हज समूहों के जरिए यात्रा करेंगे।

आवेदन प्रक्रिया और कुर्राह

भारतीय हज समिति ने 07 जुलाई, 2025 से अपनी वेबसाइट hajcommittee.gov.in के माध्यम से हज 2026 के लिए आवेदन स्वीकार करना शुरू किया था। आवेदन की अंतिम तारीख पहले 31 जुलाई 2025 थी, जिसे आगे बढ़ाकर 07 अगस्त 2025 कर दिया गया है। लॉटरी ऑनलाइन जारी की जाएगी। इसका सीधा प्रसारण हज समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध किया जाएगा। 

हज समिति के मुताबिक, अनंतिम रूप से चयनित और प्रतीक्षा सूची में शामिल तीर्थयात्रियों की सूची वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही, चयनित आवेदकों को sms के जरिए भी सूचना दी जाएगी। अनंतिम रूप से चयनित सभी तीर्थयात्रियों को 20 अगस्त 2025 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम हज राशि को पूरा जमा करना होगा।

हज 2026 कुर्राह परिणाम कैसे देखें

1. सबसे पहले भारतीय हज समिति की आधिकारिक वेबसाइट hajcommittee.gov.in पर जाएं।  

2. होमपेज पर जाकर "अनंतिम चयन सूची" लिंक पर क्लिक करें।  

3. इसके बाद अपने राज्य का चयन करें।  

4. पीडीएफ फाइल डाउनलोड करें और उसमें अपना नाम खोजें।  

गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा आदि सभी राज्यों के तीर्थयात्री अपने कवर नंबर का उपयोग करके कुर्राह परिणाम और अपनी स्थिति देख सकते हैं। वेटिंग लिस्ट भी वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध होगी। वेटिंग लिस्ट देखने के लिए अपने राज्य के लिंक पर क्लिक करें।  

हज राशि और भुगतान

हज समिति ने अधिसूचना में यह साफ-साफ बताया गया है कि कुर्राह में चयनित सभी  हजयात्रियों को 20 अगस्त 2025 तक 1,52,300 रुपये की पहली किस्त को जमा कराना होगा। यदि राशि को समय पर जमा नहीं किया गया, तो आवेदन रद्द हो कर दिया जाएगा। हज समिति और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने रद्दीकरण की स्थिति में राशि वापसी के लिए सख्त नियम बनाए हैं, इसलिए तीर्थयात्रियों को सावधानी बरतनी चाहिए।  

लघु हज योजना

भारतीय हज समिति ने अपने 1,75,025 के कुल कोटे में से 10,000 तीर्थयात्रियों के लिए लघु हज योजना लागू की है। यदि इस योजना के लिए आवेदनों की संख्या 10,000 से अधिक होती है, तो एक अलग कुर्राह आयोजित होगा और शेष आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा। हज यात्रा के लिए चयनित सभी तीर्थयात्रियों को समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी ताकि उनकी यात्रा सुनिश्चित हो सके। अधिक जानकारी के लिए hajcommittee.gov.in पर जाएं।

यह भी पढ़ेंः 'हिंदुत्व पर बातचीत सपा को खटकती है...', पार्टी से निकाले जाने के बाद पप्पू सिंह ने अखिलेश यादव के खिलाफ जताई नाराजगी

संबंधित समाचार