मुरादाबाद: पीएसी फॉलोवर की पत्नी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। नवीं वाहिनी पीएसी में तैनात फालोवर की पत्नी ने विवाद होने पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। रिश्ते के भाई की शादी में जाने को लेकर उसका फालोवर से विवाद हो गया था। बुधवार को कालोनी में रहने वाले अन्य जवानों के परिजनों ने मायके वालों को सूचना दी तो कोहराम मच …

मुरादाबाद, अमृत विचार। नवीं वाहिनी पीएसी में तैनात फालोवर की पत्नी ने विवाद होने पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। रिश्ते के भाई की शादी में जाने को लेकर उसका फालोवर से विवाद हो गया था। बुधवार को कालोनी में रहने वाले अन्य जवानों के परिजनों ने मायके वालों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि फालोवर दस लाख रुपए की मांग कर रहा था, इंकार करने पर अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था।

सूचना पर पुलिस फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। टीम ने सुराग के लिए नमूने एकत्र कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। मायके वालों ने फालोवर समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने को सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दे दी है।

आत्महत्या का यह मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में कांठ रोड स्थित नवीं वाहिनी पीएसी का है। मझोला थाना क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर निवासी राहुल गुप्ता का विवाह फरवरी 2015 को नागफनी थाना क्षेत्र के नवाबपुरा निवासी नेहा के साथ हुआ था। बाद में पीएसी में फालोवर की नौकरी लगने के बाद राहुल पत्नी नेहा को लेकर पीएसी कैंपस में बने सरकारी क्वार्टर में रहने लगा। उसके एक बेटा वंश और बेटी शगुन है। बताते हैं कि नेहा के ताऊ एमडीए में रहते हैं और उसके तहेरे भाई की बुधवार को बारात जानी थी। इस शादी में शामिल होने को लेकर मंगलवार की रात नेहा का पति राहुल से विवाद हो गया था।

बताते हैं कि देर रात नेहा ने फंदे पर लटककर जान दे दी।दिन निकलने पर राहुल व कालोनी में रहने वालों को इसकी जानकारी हुई। कालोनी में रहने वाले अन्य जवानों के परिजनों ने इसकी सूचना नेहा के भाई सुधांशु भटनागर को दी। जिस पर रोते-बिलखते मायके वाले भी मौके पर आ गए। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सामने मायके वाले दहेज हत्या का आरोप लगाने लगे।

31 दिसंबर को मारपीट कर निकाल दिया था घर से
मायके वालों का कहना था कि राहुल गुप्ता दहेज के लिए नेहा को प्रताड़ित करता था। वह दस लाख रुपए की मांग कर रहा था, इंकार करने पर फालोवर ने नेहा का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। भाई सुधांशु के अनुसार 31 दिसंबर को विवाद होने पर उसने नेहा को बेरहमी से पीटा फिर घर से निकाल दिया। काफी समय तक नेहा मायके में रही, करीब दो माह पहले मां शीला का निधन हो गया। इसके बाद मामला थाने पहुंच गया तो पुलिसिया कार्रवाई के डर से फालोवर मान-मनौव्वल कर नेहा को अपने साथ ले गया। उन्होंने फालोवर व अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दे दी है। वहीं बुधवार की देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाकर आत्महत्या की बात सामने आई है।

“मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।” -नवल मारवाह, कोतवाल, सिविल लाइंस

संबंधित समाचार