लखीमपुर खीरी : आपत्तिजनक पोस्ट वायरल...जुमे की नमाज के बाद लोगों ने घेरी कोतवाली
गोला गोकर्णनाथ, अमृत विचार। नगर में एक किशोर ने इस्लाम धर्म को लेकर एक आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल कर दी, जिससे मुस्लिम समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया। स्वतंत्रता दिवस के दिन जुमे की नमाज बाद सैकड़ो लोगों ने अशोक चौराहे के पास एकत्र होकर कोतवाली का घेराव कर नारेबाजी की। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को खदेड़ कर कुछ को हिरासत में लेकर मामला शांत करा दिया।
मैलानी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोर ने इस्लाम के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो बनाया, जिसे उसके ही साथी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाल दिया। वीडियो वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया। गुरुवार को मुस्लिम समाज के लोग आरोपी को पकड़कर कोतवाली लाए, जहां आरोपी के परिजन और मुस्लिम समाज के लोगों के मध्य सुलह समझौता हो गया। आरोपी किशोर नगर के एक विद्यालय का विद्यार्थी है, जिसने पोस्ट डिलीट कर माफ़ी नामे का एक वीडियो भी जारी कर दिया कि वह भविष्य में इस प्रकार की कोई पोस्ट नहीं करेगा।
वायरल की गई पोस्ट के लिए वह बहुत शर्मिंदा है और उसके लिए मुस्लिम समाज के लोगों की जो भावनाएं आहत हुई हैं उसके लिए उसने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। लेकिन स्वतंत्रता दिवस के दिन जुमे की नमाज के बाद माहौल फिर से खराब हो गया। नमाज के बाद सैकड़ो लोगों ने कोतवाली का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने भीड़ को खदेडने के साथ कई लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली में सीओ रमेश कुमार तिवारी ने मुस्लिम समुदाय के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के मध्य सकारात्मक वार्तालाप से मामले में सुलह समझौता हो गया, जिससे मामला शांत हो गया है। हिंदू संगठनों के विपिन कुमार मिश्रा, डॉ. पीयूष शुक्ला आदि मौजूद रहे।
सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि नाबालिक लड़के द्वारा एक आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी, जिसको लेकर कुछ लोग प्रोटेस्ट कर रहे थे। इसी में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था। पोस्टर वायरल करने वाले लड़के ने माफी मांग ली है। हंगामा कर रहे जिन लोगों को हिरासत में लिया गया था उन्हें भी बाद में मामला शांत हो जाने पर और उनके द्वारा माफी मांग लेने पर समझाकर छोड़ दिया गया। मामला पूरी तरह शांत है।
