UP : चोर का मचा शोर...भीड़ के हाथ लगा युवक तो कर दी पिटाई, पुलिस से भी नोकझोंक
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना सिंगाही क्षेत्र में कई दिनों से मच रहा चोरों का शोर अब आम लोगों पर भी भारी पड़ने लगा है। हरद्वाही बाजार चौरहा पर कुछ लोगों ने एक नशेड़ी किस्म के युवक को पकड़ लिया और चोर होने के शक में उसकी जमकर पिटाई कर दी। चोर पकड़े जाने की अफवाह फैलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस से भी ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। मौके पर पहुंचे सिंगाही के एसआई केसी तिवारी, सिपाही कुलदीप और राजीव यादव ने मोर्चा संभाला और लोगों को किसी तरह से समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर रही है।
थाना सिंगाही और कोतवाली तिकुनिया क्षेत्र में करीब दो पखवाड़े से चोरों का शोर चल रहा है। ग्रामीण पूरी रात लाठी-डंडों के साथ गांवों और अपने घरों की रखवाली कर रात जागकर बिता रहे हैं। हालांकि सिंगाही पुलिस भी लगातार क्षेत्र में गश्त कर ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है, लेकिन ग्रामीणों के दिलो दिमाग से डर निकलने का नाम ही नहीं ले रहा है। शनिवार की रात करीब दस बजे कुछ लोगों ने हरद्वाही बाजार चौराहा पर एक युवक को पकड़ लिया। वह नशे की हालत में था। लोग चोर होने का शक जताते हुए उसने मारने पीटने लगे।
देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जो भी आया उसने भी अपना हाथ साफ कर दिया। सूचना पर यूपी 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर का प्रयास किया तो ग्रामीण भिड़ गए और चोरों की मदद करने का आरोप लगाते हुए खूब खरीखोटी सुनाई। हालात बिगड़ते इससे पहले ही एसआई केसरी तिवारी, हेड कांस्टेबल राजीव यादव, सिपाही कुलदीप मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को किसी तरह से समझा बुझाकर शांत कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उसे पकड़कर थाने लाई है और पूछताछ कर रही है।
