महोबा में दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने की लूट, दो महिलाओ से छीने लाखों रूपये के आभूषण
महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के महोबकंठ क्षेत्र में सोमवार को दिन दहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने दो महिलाओ से लाखों रूपये मूल्य के आभूषण लूट लिये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जगसया गांव निवासी गोमती (32) और उनकी जेठानी रामकुमारी (40) अपने भाई देशराज के साथ बाइक में सवार होकर अपनी ससुराल इमलिया जा रही थी कि पिपरी गांव के पास दो बाइको में सवार होकर आये चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हे हथियार के बल पर रोक लिया और दोनों महिलाओ के सारे ज़ेवर लूट कर भाग गये।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच बदमाशों की घेराबंदी की लेकिन वे पकड़े नहीं जा सके। पुलिस उप अधीक्षक अरुण सिंह ने बताया कि दोनों महिलायें कृष्ण जन्माष्ट्मी के त्यौहार पर अपने घर आई थी।
आशंका है कि गांव के ही कथित लुटेरों का उनके आभूषण देख कर लालच आ गया और उन्होंने घटना को अंजाम दिया। पुलिस घटना की सघनता से पड़ताल करते हुये अपराधियों का पता लगा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमे गठित की गयी है।
