पीलीभीत: ठेकेदार ने उखाड़े जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के शिलापट, शिकायत के बाद मची खलबली 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार।  सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान नेहरू पार्क में काम करा रहे ठेकेदार ने परिसर में लगे जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के नाम वाले शिलापट उखाड़ फेंके। काम पूरा होने के बाद भी जब शिलापट वापस नहीं लगाए गए और नदारद दिखे तो मामला तूल पकड़ गया।  इसकी डीएम से शिकायत की गई, जिसके बाद खलबली मच गई। अब नगर पालिका के अधिकारी नया शिलापट बनवाकर लगवाने और ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई कराने की बात कह रहे हैं।

बता दें कि टनकपुर हाईवे निरंजन कुंज कॉलोनी के सामने स्थित नेहरू पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य नगर पालिका के स्तर से कराया गया है। इसके लिए शासन स्तर से 1.33 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया था। बजट मिलने के बाद नगर पालिका की ओर से काम शुरू करा दिया गया था। पार्क के स्वरूप को बदलते हुए परिसर में नए झूले, ओपन जिम, पाथवे, लाइट, गार्डन आदि तैयार किए गए हैं। साथ ही नेहरू पार्क का मुख्य द्वार का भी स्वरूप बदला गया है। मई में पार्क का काम पूरा कर लिया गया था।  नगरपालिका की ओर से जून में इसका उद्घाटन कराने की रणनीति बनाई गई थी, लेकिन अभी तक इसका उद्घाटन नहीं हो सका है।  

कराए गए कार्य को लेकर तमाम शिकायतें पूर्व में की जा चुकी है। जिसमें निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप न होने समेत कई आरोप लगाए गए थे। इस पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए पूर्व में भी कई बार काम कराया जा चुका है। उस दौरान के शिलापट यहां पर लोकार्पण के दौरान शिलापट लगाए गए थे।  बताते हैं कि एक शिलापट काफी पहले से था, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, पूर्व जिलाधिकारी जयशंकर मिश्र और दूसरे शिलापट पर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार , पूर्व डीएम पुलकित खरे, पूर्व चेयरमैन विमला जायसवाल, पूर्व ईओ निशा मिश्रा आदि के नाम लिखे हुए थे। 

मगर, अब ये शिलापट कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। इन्हें ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतते हुए तोड़कर फेंकने की भी चर्चाएं तेज हैं। शुरुआत में माना जा रहा था कि शायद ये शिलापट निकालकर रख दिए गए होंगे, ताकि काम पूरा होने के बाद  लगाया जाए। मगर, जब कार्य पूरा होने के बाद भी वहां पर पूर्व के लगाए गए शिलापट नहीं दिखाई दिए तो मामला तूल पकड़ गया। प्रशासनिक अधिकारियों तक शिकायतें पहुंची। ईओ नगर पालिका से जानकारी की गई। साथ ही प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।  अब नगर पालिका में खलबली मच गई है।

ईओ नगर पालिका पीलीभीत संजीव कुमार ने बताया कि नेहरू पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया है।  ये संज्ञान में आया है कि वहां पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम वाले शिलापट पूर्व में लगे हुए थे, जोकि अब नहीं दिख रहे हैं।  शिलापट दोबारा बनवाकर लगवाए जाएंगे। ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार