Urs-e-Razvi 2025 : उर्स के मंच से मांग...मॉब लिंचिंग पर बनाया जाए कानून
बरेली, अमृत विचार। इस्लामिया मैदान के अलावा मथुरापुर जामियातुर रजा मदरसे में भी काजी-ए-हिन्दुस्तान मुफ्ती मुहम्मद असजद रजा खां कादरी की सरपरस्ती में उर्स ए रजवी के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। जिसमें उर्स के दूसरे दिन मदरसे में इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें उलमा ने बेटियों को पढ़ाने समेत अन्य मामलों पर अपने विचार रखे। उलमा ने मंच से मांग की कि मॉब लिंचिंग को लेकर सख्त कानून बनाया जाए, जिससे निर्दोषों की जान लेने वालों को कड़ी सजा मिल सके।
जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उर्स प्रभारी सलमान मियां ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी उर्स-ए-रजवी का पैगाम न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया में फैले आला हजरत के चाहने वालों तक पहुंचेगा। जो अमन, मोहब्बत और इंसानियत का संदेश देगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार की देर रात तक दरगाह आला हजरत और दरगाह ताजुश्शरिया में गुलपोशी व चादरपोशी की और हजारों की तादाद में लोगों ने काजी ए हिन्दुस्तान से मुरीद हुए। जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान फरमान मियां ने बताया कि इस बार उर्स ए रजवी 15 देशों में धूमधाम से मनाया जाएगा। सऊदी अरब, यूके, कनाडा, साउथ अफ्रीका, मलेशिया, इंडोनेशिया, श्रीलंका, मॉरीशस, फ्रांस और जर्मनी आदि शामिल हैं। दुनियाभर में आला हजरत के चाहने वाले उर्स ए रजवी के प्रोग्राम मुफ्ती मुहम्मद असजद रजा खां कादरी के ऐलान पर आफिशियल चैनल पर प्रसारित होंगे। मथुरापुर में होने वाले कार्यक्रम में डा. मेहंदी हसन, हाफिज इकराम, शमीम अहमद, मोईन खान, नदीम सुब्हानी, कारी वसीम, कौसर अली, समरान खान समेत अन्य लोग लगे हुए है। बच्चों को मेडिकल और इंजीनियरिंग की कराएं तैयारी
जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन ख़ान फरमान मियां ने बताया कि उर्स के दूसरे दिन मथुरापुर जामियातुर रजा मदरसे में इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए देश विदेश के उलमा पहुंचे। इसमें उलमा ने मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि वह बच्चों को दीनी तालीम के साथ दुनियावी तालीम भी दिलाएं। इसके अलावा उर्स के मंच से कहा गया कि सरकार को मॉब लंचिंग पर कानून बनाना चाहिए। जिससे निर्दोष लोगों के साथ मारपीट करने वालों को सजा मिले। वहीं उलमा ने कहा कि अपने बच्चों को डॉक्टर और इंजीनियरिंग की तैयारी कराएं, जिससे वह लोगों की मदद कर सकें।
