Moradabad : बोरे से आ रही थी रोने की आवाज, खोलकर देखा तो मिली नवजात
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर क्षेत्र में बुधवार दोपहर सोनू नाम के एक व्यक्ति ने डायल 112 पर फोन कर बताया कि सड़क किनारे पड़े एक बोरे से बच्चे के रोने की आवाज आ रही है। सूचना पर पहुंची टीम ने बोरा खोलकर देखा तो नवजात थी। अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
लाजपत नगर चौकी इंचार्ज महेश शर्मा, पीतलबस्ती चौकी इंचार्ज कृष्णा कुमार और चाइल्ड लाइन कॉर्डिनेटर तबस्सुम अंजू सागर ने नवजात को बोरे से निकाल निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां, हालत नाजुक होने के कारण चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर दीपक कुमार और महिला सिपाही सविता ने नवजात को जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया। सीएमएस डॉ. निर्मला पाठक ने बताया कि बच्ची का जन्म कुछ घंटे पहले ही हुआ लगता है।
सांसें बार-बार उखड़ने से डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने का हरसंभव प्रयास कर रही है। डॉ. पुष्पा यादव के अनुसार बच्ची का वजन भी सामान्य से कम है और जन्म के तुरंत बाद सही देखभाल न मिलने से हालत और बिगड़ गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जिससे पता लगाया जा सके कि बच्ची को किसने और क्यों यहां फेंका।
