IMA चुनाव : अध्यक्ष पद पर सर्जरी और एनेस्थीसिया वाले डॉक्टर साहब में भिड़ंत के आसार
बरेली, अमृत विचार। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अगले माह 21 सितंबर को चुनाव प्रस्तावित है। इससे पूर्व ही अध्यक्ष और अन्य पदों पर दावेदारी पेश करने वाले सदस्यों में सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। सूत्रों के अनुसार इस वर्ष प्रेसिडेंट इलेक्ट के पद पर शहर के पीलीभीत बाईपास स्थित एक अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन और बीसलपुर चौराहा स्थित अस्पताल के वरिष्ठ एनेस्थेटिस्ट के बीच मुकाबला हो सकता है। हालांकि इस बात से पर्दा नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही उठ सकेगा।
इतना ही नहीं अपने पक्ष में वोटिंग के लिए दावेदारों ने सदस्यों को निजी आवासों पर आमंत्रित करना आरंभ कर दिया है। वहीं दावत का दौर भी चलने लगा है। इस वर्ष आईएमए चुनाव कमेटी ने शत प्रतिशत मतदान कराने के लिए अभी से सदस्यों को जागरूक करना आरंभ भी कर दिया है।
आईएमए पदाधिकारियों के अनुसार पहली बार ऐसा है कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए कौन-कौन दावेदारी पेश करेगा ये साफ नहीं है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व में अध्यक्ष पद पर दावेदारी पेश कर चुके डॉक्टर साहब हार मिलने के बाद भी इस वर्ष फिर से अध्यक्ष पद पर दावेदारी पेश करने की पूरी तैयारी कर ली है।
