बदायूं : झोलाझाप की मौत, पूर्व प्रधान और हिस्ट्रीशीटर पर हत्या करने का आरोप
कुंवरगांव, अमृत विचार। कुंवरगांव क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में दुकान संचालित करने वाले झोलाछाप व भाकियू के जगत के ब्लॉक अध्यक्ष की मौत हो गई। परिजनों ने गांव पड़ौलिया के पूर्व प्रधान और थाना बिनावर क्षेत्र के गांव इकरामनगर पौ गौटिया निवासी हिस्ट्रीशीटर पर पंचायत के दौरान कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना बिनावर क्षेत्र के गांव रहमा के मुराव गौंटिया निवासी इमरान पुत्र दिलावर हुसैन कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में दुकान चलाते थे। वह झोलाछाप थे। वह लोगों को दवाएं देते थे। इमरान के परिजनों के अनुसार इकरामनगर पौ गौंटिया निवासी हिस्ट्रीशीटर से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। छह जून को इमारन अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर दुकान पर पहुंचा। पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और चला गया। इमरान दोपहर लगभग दो बजे दुकान बंद करके घर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में हिस्ट्रीशीटर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चौपाल सागर के पास इमरान को घेर लिया और मारपीट करके घायल कर दिया।
इमरान ने बिनावर थाने जाकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद से आरोपी इमरान पर समझौता करने का दवाब बना रहे थे। वर्ना जान से मारने की धमकी दे रहे थे। परिजनों के अनुसार बुधवार शाम गांव पड़ौलिया के पूर्व प्रधान ने इमरान को फोन करके समझौता के लिए बुलाया था। दोपहर में इमरान पड़ौलिया तकिया के पास पूर्व प्रधान के यहां पहुंचे। जहां हिस्ट्रीशीटर व अन्य लोग भी मौजूद थे। प्रधान के यहां पंचायत हो रही थी।
इसी दौरान कोल्डड्रिंक मंगवाई गई। जो सभी ने पी। परिजनों का आरोप है कि इमरान का कोल्डड्रिंक का गिलास अलग था। पंचायत के बाद इमरान घर पहुंचे तो उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने परिजनों को पंचायत में कोल्डड्रिंक पिलाने की बात कही। परिजन इमरान को निजी अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां बुधवार देर रात इमरान ने दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पूर्व प्रधान, हिस्ट्रीशीटर समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
कुंवरगांव इंस्पेक्टर वीपी सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान झोलाछाप की मौत हुई थी। परिजनों ने एक पंचायत में कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
