बाराबंकी: खाना देने को लेकर विवाद हुआ विवाद तो पति बना हैवान, फुंकनी से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी को मार डाला
बाराबंकी, अमृत विचार। शनिवार दोपहर खाना देने को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने लोहे की फुंकनी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पति मौके से फरार हो गया। खबर लगने पर सीतापुर से आए मृतका के भाई दहेज न मिलने पर बहन की हत्या करने की तहरीर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार हत्या की यह घटना बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मल्हूपुर मजरे सलेमपुर में शनिवार की दोपहर को हुई। गांव के रहने वाले अम्बरीश गौतम का पत्नी सुमन से खाना देने को लेकर विवाद इस कदर बढ़ा कि तैश में आए पति अम्बरीश ने पास ही रखी लोहे की फुंकनी से सुमन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से अचेत सुमन जमीन पर गिरी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद अम्बरीश मौके से भाग निकला। उधर ग्रामीणों से इस घटना की सूचना मिलने पर जिला सीतापुर थाना महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम मरहमतनगर से मृतका का भाई संतोष बहन के गांव पहुंचा तो सुमन का मृत शरीर पड़ा देखा। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि उसकी बहन का विवाह तीन साल पहले हुआ था, पति अम्बरीश अतिरिक्त दहेज की मांग कर बहन को प्रताड़ित कर रहा था। धमकी दी थी कि दहेज नहीं लाओगी तो हत्या कर देंगे।
भाई का आरोप है कि दहेज की मांग न पूरी होने पर अम्बरीश ने लोहे की राड से हमला कर उसकी बहन की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
