बुलंदशहर हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख, पीड़ित परिजनों की सरकार करेगी मदद 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सोमवार को हुए सड़क हादसे में हुयी जनहानि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदना व्यक्त की है जबकि घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं। योगी ने प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये व हर घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों का उपचार सरकार के खर्चे पर किया जायेगा। 

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये। उन्होंने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। 

गौरतलब है कि बुलंदशहर अलीगढ़ सीमा पर राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर अरनिया क्षेत्र के घटाला गांव के पास सोमवार रात करीब दो बजे तेज़ रफ़्तार कंटेनर की चपेट में आने से ट्रैक्टर ट्राली पर सवार आठ लोगों की मौत हो गयी जबकि 41 अन्य घायल हो गये जिनमें तीन की हालत नाजुक बनी हुयी है। सभी हताहत कासगंज जिले के सोरो क्षेत्र के निवासी है जो राजस्थान एक मंदिर में दर्शन के लिये जा रहे थे। 

यह भी पढ़ेंः बुलंदशहर में भीषण सड़क दुर्घटना, ट्रैक्टर-ट्रॉली और कैंटर की भिड़ंत में 8 की मौत, 43 घायल

संबंधित समाचार