बलरामपुर: 8 घंटे में युवक की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बलरामपुर, अमृत विचार। कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने मात्र आठ घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सोनारडीह निवासी सुनील यादव ने सूचना दी थी कि उसका भाई रोहित यादव, जो बहादुरपुर बरवलिया स्थित शराब के ठेके पर मुनीम का काम करता था, 24 अगस्त की रात घर नहीं लौटा। 

खोजबीन के दौरान उसकी मोटरसाइकिल बैराही गांव के पास मिली और पास के खेत में वह घायल अवस्था में पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने गांव के ही शिवाकांत यादव पर हत्या का आरोप लगाया। बताया कि मृतक ने आरोपी की चोरी-छिपे शराब बिक्री की शिकायत आबकारी विभाग से की थी। शिकायत के बाद 22 अगस्त को आबकारी विभाग ने आरोपी की दुकान पर छापेमारी की थी।

इसी रंजिश में आरोपी ने 24 अगस्त की रात रोहित का पीछा किया और जंगल के रास्ते पर पीछे से लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। एसपी विकास कुमार के निर्देश पर एएसपी विशाल पांडेय व सीओ नगर ज्योति श्री के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी की टीम ने 25 अगस्त को फुलवरिया बाईपास के पास से आरोपी शिवाकांत यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

संबंधित समाचार