बदायूं : पुलिस की तीन दिवसीय प्रतियोगिता समाप्त, विजेता हुए सम्मानित

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित की गईं पुलिस विभाग की तीन दिवसीय प्रतियोगिताएं

बदायूं, अमृत विचार: पुलिस परेड ग्राउंड में चल रही पुलिस विभाग की द्वितीय अंतरजनपदीय जनपदीय कबड्डी कलस्टर (महिला/पुरुष), कबड्डी, जिमनास्टिक, फेसिंग, खोखो प्रतियोगिता का सोमवार को तीसरे दिन समापन हो गया। अंतिम दिन अतिथियों के सामने फाइनल मैच खेले गए। मुख्य अतिथि एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों के साथ रेफरी को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में तीनों दिन जोन की नौ टीमों ने प्रतिभाग किया था।

प्रतियोगता शनिवार से शुरू हुई। जिसमें जोन की बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर की टीमों के 180 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला पीलीभीत और मुरादाबाद के बीच खेला गया। जिसमें पीलीभीत ने 34-20 अंकों से जीत हासिल की। जिसके बाद पीलीभीत और बदायूं के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। जिसमें 35 अंक हासिल करके बदायूं पहले और 25 अंकों के साथ पीलीभीत दूसरे स्थान पर रहा। कबड्डी की महिला वर्ग की फाइनल मैच में शाहजहांपुर की टीम ने बदायूं की टीम को 37-17 अंकों से मात दी। पुरुष वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता बदायूं ने जीती। फाइनल मैच में बदायूं की टीम ने पीलीभीत की टीम को 26-24 अंकों से हराया। जिम्नास्टिक की प्रतियोगिता में बदायूं की टीम 24 अंकों के साथ पहले और 19 अंकों के साथ बिजनौर की टीम दूसरे स्थान पर रही।

एसएसपी ने प्रतिस्पर्धाओं में विजेता और उपविजेता टीम व खिलाड़ियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और भविष्य के लिए शुभकामना दी। खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। समापन के दौरान एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय, सीओ लाइन व उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार, सीओ बिल्सी संजीव कुमार, सीओ दातागंज केके तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह आदि उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं का संचालन प्रतिसार निरीक्षक ने किया। निर्णायक मंडल में जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया, बेसिक शिक्षा विभाग के जिला पीटीआई रामदास यादव, ब्रजेश कुमार, मधुकर महेंद्र मुर्मू, वरुण प्रताप सिंह, रामअवतार का योगदान रहा।

संबंधित समाचार