किशोर को पानी में खींच ले गया मगरमच्छ, प्रशासन की नागरिकों को सलाह इस तरफ न जायें
बहराइच,अमृत विचार । उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में नेपाल सीमा से सटे आम्बा गांव में बुधवार देर शाम गेरुआ नदी किनारे घास काट रहे 14 वर्षीय बालक को एक मगरमच्छ ने पानी में खींच लिया। बालक का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। घटना के समय अनिल (14) अपनी चाची के साथ घास काट रहा था कि तभी मगरमच्छ ने उसे पकड़कर पानी में खींच लिया।
इस हादसे से आस-पास के परिवार और पड़ोस के लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य प्रारंभ किया। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष सुजौली, प्रकाश चंद्र शर्मा और डिप्टी रेंजर मयंक पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया और किशोर को नदी में खोजने के प्रयास तेज किए। रात में भी बचाव कार्य जारी रहा ताकि पानी में छिपे खतरे को खत्म किया जा सके।
गुरुवार की सुबह भी वन विभाग की टीम और स्थानीय लोग घटनास्थल पर मौजूद रहे, लेकिन सुबह 8 बजे तक अनिल का कोई भी पता नहीं चल सका। परिजनों का कहना है कि वे अपने बेटे की सलामती के लिए बेताब हैं और प्रशासन से हर संभव मदद की उम्मीद कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है ताकि ऐसे हादसों को दोहराने से रोका जा सके। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र में मगरमच्छों के कारण खतरा बना रहता है और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि नदी में न जाएं और बच्चों को अकेले नदी किनारे न जाने दें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप के मंत्री बोले- अमेरिकियों की नौकरियां खा रहे विदेशी, ग्रीन कार्ड प्रक्रिया में होगा बदलाव
